आज से सस्ता हो गया कमर्शियल LPG सिलेंडर, 183 रुपये तक घट गए दाम
जुलाई महीने के पहले ही दिन एलपीजी (LPG) सिलेंडर पर बड़ी राहत मिली है. ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 1 जुलाई 2026 को एलपीजी (LPG) सिलेंडर के नए रेट्स जारी कर दिए हैं. इस महीने की शुरुआत कारोबारियों के लिए बेहद राहत भरी रही है, क्योंकि कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में बड़ी कटौती की गई है. 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में ₹183.50 तक की भारी कटौती कर दी है. आज सुबह से ही देश के सभी बड़े शहरों में कमर्शियल एलपीजी (LPG) सिलेंडर के नए रेट लागू हो गए हैं ,जिससे रेस्टोरेंट और ढाबा मालिकों को बड़ी राहत मिलेगी.
हालांकि, आम जनता के घरेलू रसोई बजट में कोई बदलाव नहीं हुआ है, क्योंकि14.2 किलोग्राम वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है और इसके दाम जस के तस बने हुए हैं.
देश की राजधानी दिल्ली में कमर्शियल गैस सिलेंडर इस्तेमाल करने वालों को सबसे बड़ी राहत मिली है.दिल्ली 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर ₹183.50 सस्ता होकर अब ₹2,930 का मिलेगा, जो पहले ₹3,113.50 का था.
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में ₹183.50 की बड़ी कटौती दर्ज की गई है. इस बदलाव के बाद लखनऊ में 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर ₹3,236 से घटकर अब ₹3,052.50 का हो गया है.
पश्चिम बंगाल के कोलकाता में भी कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में ₹174 की राहत दी गई है. 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर ₹3,255.50 से सस्ता होकर अब ₹3,081.50 पर आ गया है.
बिहार की राजधानी पटना में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतें अब ₹3,227.00 पर आ गई हैं, जिससे यहाँ के स्थानीय कारोबारियों और रेस्टोरेंट मालिकों को बड़ी राहत मिलेगी.
दरअसल, पिछले कुछ समय से पश्चिम एशिया (West Asia) में चल रहे तनाव के कारण ग्लोबल मार्केट में एनर्जी की कीमतें काफी बढ़ गई थीं, जिसकी वजह से कमर्शियल गैस के दाम लगातार बढ़ रहे थे. लेकिन अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में हालात थोड़े सुधरे हैं, जिससे तेल कंपनियों को दाम घटाने का मौका मिल गया.
बता दें कि साल 2026 में यह पहली बार है जब कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम घटाए गए हैं. इससे पहले जनवरी से लेकर जून तक यानी पिछले लगातार 5 महीनों से कमर्शियल गैस की कीमतें आसमान छू रही थीं और रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थीं. वहीं, 28 फरवरी को अमेरिका-इजरायल और ईरान युद्ध शुरू होने के बाद से 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में लगतार इजाफा देखा गया.
1 जून 2026 को कमर्शियल सिलेंडर के दाम में ₹42 से ₹53.50 तक की बढ़ोतरी की गई थी.
1 मई 2026 को कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में सीधे ₹993 का भारी-भरकम इजाफा किया गया था.
1 अप्रैल 2026 में भी कीमतों में लगभग 200 रुपए की बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई थी.
1 मार्च 2026 को कमर्शियल सिलेंडर ₹114.50 महंगा हुआ था.
दाम कम करने के साथ-साथ सरकार ने कमर्शियल और इंडस्ट्रियल यूजर्स के लिए गैस की सप्लाई पर लगी पाबंदियों में भी ढील दे दी है। युद्ध के दौरान सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं को पहली प्राथमिकता देने के लिए कमर्शियल यूज़र्स की सप्लाई काट दी थी, लेकिन अब देश में गैस की उपलब्धता सुधरने के बाद सरकार ने कमर्शियल ग्राहकों की 50 फीसदी सप्लाई को फिर से बहाल कर दिया है.
