कांग्रेस नेता अजय माकन बोले- केजरीवाल देश के फ्रॉड किंग, उन्हें फर्जीवाल कहना बेहतर

राजनीति राष्ट्रीय

कांग्रेस नेता अजय माकन ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को देश का फ्रॉड किंग बताया। माकन ने कहा कि अगर केजरीवाल को एक शब्द में परिभाषित करना हो, तो वो शब्द ‘फर्जीवाल’ होगा। दिल्ली कांग्रेस की तरफ से आम आदमी पार्टी और भाजपा के खिलाफ 12 पॉइंट का व्हाइट पेपर रिलीज के समय माकन ने यह बात कही। इस व्हाइट पेपर का टाइटल ‘मौका मौका, हर बार धोखा’ रखा गया है। माकन ने यह भी कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए AAP के साथ गठबंधन में आना कांग्रेस की भूल थी, जिसे अब सुधारा जाना चाहिए। हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि यह उनकी निजी राय है। दिल्ली कांग्रेस ने 12 पॉइंट के व्हाइट पेपर में दिल्ली की AAP सरकार और केंद्र की भाजपा सरकार को टारगेट करते हुए कहा कि दोनों ने अपने वादे पूरे नहीं किए। दोनों पार्टियां प्रदूषण, नागरिक सुविधाओं और कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं का प्रबंधन नहीं कर पाई हैं। माकन ने कहा कि जिस जनलोकपाल आंदोलन की लहर पर सवार होकर अरविंद केजरीवाल की पार्टी सत्ता में आई, उसे केजरीवाल अब तक लागू नहीं कर पाए हैं।

उन्होंने कहा कि अगर दिल्ली में LG आपको जनलोकपाल लागू नहीं करने दे रहे हैं, तो पंजाब में इसे लागू न करने का क्या कारण है? वहां आपको कौन रोक रहा है? वहां तो पूरी सरकार ही आपकी है। ये सिर्फ एक बहाना है। 10 साल पहले जनलोकपाल लागू करने के नाम पर आपने सरकार बनाई थी, लेकिन अब आप इसे भूल गए हैं।

AAP प्रमुख केजरीवाल ने करीब 15 दिन पहले दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन की अटकलों को खारिज कर दिया था। उन्होंने कहा था कि आम आदमी पार्टी अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस के साथ किसी भी तरह के गठबंधन की संभावना नहीं है।