लखनऊ में कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान बड़ी घटना, धक्कामुक्की के बाद युवक की मौत

राष्ट्रीय

उत्तर प्रदेश : लखनऊ में कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान बड़ी घटना हुई है। प्रदर्शन में शामिल युवा कांग्रेस कार्यकर्ता प्रभात पांडेय की मौत हो गई है। पुलिस की धक्कामुक्की और नोकझोंक के बाद मौत हुई। अजय राय ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उसकी पिटाई की है। पिटाई से ही उसकी मौत हुई है। घटना की जानकारी मिलने पर यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी सिविल अस्पताल पहुंचे। प्रभात की मौत से पहले पुलिस की धक्कामुक्की के कारण प्रदेश अध्यक्ष अजय राय भी बेहोश हो गए थे। युवा कांग्रेसी की मौत पर कांग्रेस ने पुलिस के बल प्रयोग और नुकीले बैरिकेड्स को भी कारण बताया है। कांग्रेस ने कहा कि आज विधानसभा घेराव करने जा रहे कांग्रेसजनों को रोकने के लिए पुलिस द्वारा किये जा रहे धक्का-मुक्की व बलप्रयोग से गोरखपुर निवासी युवा कांग्रेस कार्यकर्ता प्रभात पाण्डेय की मौत हो गई है। वहीं लखनऊ पुलिस का कहना है कि प्रभात के शरीर पर कोई चोट का निशान नहीं मिला है। उन्हें कांग्रेस मुख्यालय से मृत अवस्था में ही लाया गया था। यह भी कहा कि डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जाएगा। उसके बाद ही मौत का कारण पता चल सकेगा।

प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने एक्स पर लिखा कि विधानसभा घेराव के लिए जाते समय पुलिसिया बर्बरता के कारण हमारे युवा साथी प्रभात पाण्डेय नहीं रहे। यह घटना बेहद दुःखद और निंदनीय है। इस दुर्घटना से हमारा कांग्रेस परिवार आहत और आक्रोशित है। आज विधानसभा घेराव करने जा रहे कांग्रेसजनों को रोकने के लिए पुलिस द्वारा किये जा रहे धक्का-मुक्की व बल प्रयोग से गोरखपुर निवासी युवा कांग्रेस कार्यकर्ता प्रभात पाण्डेय जी की मौत हो गई। इस घटना से पूरा कांग्रेस परिवार आहत और आक्रोशित है।

कांग्रेस ने जन सरोकार के मुद्दों पर योगी सरकार के विफल रहने का आरोप लगाते हुए लखनऊ में हजारों कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता बुधवार को विधानसभा को घेरने के इरादे से कार्यालय मुख्यालय पर एकत्र हुए थे। पुलिस के सख्त पहरे के चलते उनका अभियान पार्टी दफ्तर से चंद कदम दूर तक ही चल सका। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस की नोकझोंक होती रही। कई कार्यकर्ता और नेता पुलिस की बैरिकेडिंग पर चढ़ने के कारण चोटिल भी हुए। पुलिस से बहस और विवाद के बीच अजय राय भी एक बार बेहोश हुए। कार्यकर्ताओं ने पानी का छींटा मारा तब उन्हें होश आया।

इसी बीच गोरखपुर से आए युवा कांग्रेसी भी धक्कामुक्की और नोकझोंक के बीच बेसुध हो गए। तत्काल उन्हें सिविल अस्पताल लाया गया। यहां कुछ देर बाद ही उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। युवा कांग्रेसी की मौत की खबर मिलते ही कांग्रेसियों में हड़कंप मच गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता अस्पताल पहुंच गए।