होटल की लिफ्ट में फंसे कांग्रेस सांसद शशि थरूर, 14 मिनट के बाद रेस्क्यू टीम ने निकाला

केरलम के तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद शशि थरूर एक होटल की लिफ्ट में फंस गए। घटना शुक्रवार शाम को हुई जब थरूर रोटरी क्लब ऑफ त्रिवेंद्रम ईस्ट के इंस्टॉलेशन इवेंट में शामिल होने पहुंचे थे। लिफ्ट में फंसे कांग्रेस सांसद को निकालने के लिए फायर और रेस्क्यू सर्विस के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और हाइड्रोलिक स्प्रेडर का इस्तेमाल करके लिफ्ट का दरवाजा खोला और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। फायर स्टेशन के अधिकारियों के अनुसार, शाम 7:37 बजे सूचना मिली कि होटल की लिफ्ट में शशि थरूर फंस गए हैं। इसके तुरंत बाद बचाव दल मौके पर पहुंच गया।

शुरुआत में होटल स्टाफ और लिफ्ट मैकेनिकों ने लिफ्ट खोलने की कोशिश की, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद रेस्क्यू टीम ने स्प्रेडर की मदद ली। शाम 7:51 बजे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बताया गया कि लिफ्ट अपने निर्धारित फ्लोर तक पूरी तरह नहीं पहुंची थी, जिसके कारण उसके दरवाजे नहीं खुल सके।
लिफ्ट से बाहर निकलने के बाद शशि थरूर मुस्कुराते हुए दिखाई दिए। उन्होंने फायर एंड रेस्क्यू कर्मियों का धन्यवाद करते हुए कहा, “आप सभी का धन्यवाद। आपने बहुत अच्छा काम किया।”

तिरुवनंतपुरम के पीएमजी इलाके में रोटरी क्लब का इवेंट था। जब थरूर लिफ्ट से जा रहे थे तो वह छठी मंजिल पर जाकर रुक गई। थरूर के साथ लिफ्ट में कुल 7 लोग फंसे थे। रेस्क्यू ऑफिसर जितेश कुमार कहते हैं, “जब हम मौके पर पहुंचे, तो पता चला कि लिफ्ट के अंदर सांसद थरूर भी शामिल हैं। पहले तो हम लिफ्ट की चाबी से लिफ्ट नहीं खोल पाए। बाद में स्प्रैडर मंगाया।