रात 3 बजे प्रेमिका के कमरे में मिला कॉन्स्टेबल, पत्नी ने बुरी तरह की पिटाई

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक सिपाही की पत्नी ने उसे महिला सिपाही के कमरे में पकड़ा तो जमकर पीटा.महिला ने पति को पुलिस के हवाले किया है.आरोप है कि महिला सिपाही की पहले ही दो शादिया हो चुकी हैं और तीसरे को यौन उत्पीड़न मे जेल भेज चुकी है.पकड़ा गया सिपाही उसका चौथा शिकार था. जनपद प्रतापगढ़ के महिला थाने में तैनात एक महिला सिपाही का प्रतापगढ़ में ही तैनात एक सिपाही से प्रेम प्रसंग हो गया. सिपाही शादीशुदा था और उसके एक तीन माह की बच्ची भी है. वहीं महिला सिपाही की भी दो शादियां हो चुकी हैं. जिसमें एक पति की मौत हो गई और दूसरे से तलाक चल रहा है. इतना ही नहीं महिला सिपाही का एक युवक से शारीरिक शोषण के मामले में मुकदमा भी चल रहा है. प्रतापगढ़ में तैनात सिपाही उसका चौथा साथी था.

इसी सिपाही की पत्नी की बड़ी बहन ने बताया कि इन दोनों के बीच प्रतापगढ़ में चल रहे अवैध संबंध के बारे में जब एसपी को जानकारी हुई तो उन्होंने उसके पति को निलंबित कर दिया गया था और महिला सिपाही को चेतावनी दी गई थी.

निलंबन के दौरान उसका पति महिला सिपाही के साथ प्रतापगढ़ स्थित पुलिस लाइन में रातें गुजारता था. जब इसकी जानकारी उसकी पत्नी को हुई तो उसने फिर से शिकायत की और फिर महिला सिपाही के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हमीरपुर ट्रांसफर कर दिया गया. मौजूदा समय में महिला सिपाही हमीरपुर की पुलिस लाइन में तैनात है और शहर के एक मुहल्ले में किराए के मकान में रह रही है. सिपाही की पत्नी की बड़ी बहन ने बताया कि महिला सिपाही 23 जून को हमीरपुर में आमद हुई थी.तब से वह उसकी बहन के पति के साथ रह रही है. जिस किराए के मकान में महिला सिपाही रह रही थी वहां पर उसने पुलिस कर्मी को अपना पति बता रखा था.

तीन जुलाई की रात सिपाही की पत्नी समेत उसकी बड़ी बहन व घर के अन्य लोग तड़के करीब तीन बजे किराए के कमरे में पुलिस के साथ पहुंच गए. यहां पर सिपाही और महिला सिपाही दोनों ही आपत्तिजनक स्थिति में मिल गए. इस पर आक्रोशित पत्नी ने पति को पीटना शुरू कर दिया. वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह से मामला शांत कराया और सभी को कोतवाली ले गए. फिलहाल अभी तक इस मामले में कोई मुकदमा नहीं दर्ज किया गया है. वहीं सिपाही की पत्नी परेशान है और उसने महिला सिपाही के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है.