‘इनकी करप्शन फाइल सही समय पर खोलूंगा’, CM विजय ने फिल्मी अंदाज में स्टालिन को दी वॉर्निंग
तमिलनाडु विधानसभा में मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और DMK पर निशाना साधा. सदन में TVK और DMK विधायकों में हंगामे के दौरान विजय ने कहा कि उनके पास पिछली DMK सरकार से जुड़ी भ्रष्टाचार की दो फाइलें हैं. उन्होंने कहा, “मैं पिछली DMK सरकार की भ्रष्टाचार की फाइलें सही समय पर सामने लाऊंगा. मेरी मेज पर दो फाइलें हैं. मुझे अभी ऐसा करने के लिए मजबूर मत कीजिए.”
सीएम विजय का यह बयान विधानसभा में सड़क निर्माण में कथित गड़बड़ी को लेकर हुए विवाद के बीच आया. TVK विधायकों ने सड़क बनाने में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया था. इसी दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों के बीच बहस बढ़ गई. विजय ने हस्तक्षेप करते हुए पिछली सरकार के कथित भ्रष्टाचार की फाइलें सामने लाने की बात कही.
विजय सरकार ने अब भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतों पर नजर रखने के लिए एक बड़ा कदम भी उठाया है. तमिलनाडु सरकार राज्य की भ्रष्टाचार रोधी एजेंसी DVAC के तहत सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेंटर यानी SMMC बनाने जा रही है. इसके लिए सरकार ने 50 लाख रुपये का बजट रखा है.
विजय सरकार के मुताबिक, DVAC के पास फिलहाल भ्रष्टाचार से जुड़ी सोशल मीडिया जानकारी को सुरक्षित रखने के लिए अलग व्यवस्था नहीं है. ऐसे में नया सेंटर इन शिकायतों और पोस्ट को रिकॉर्ड करेगा, ताकि सोशल मीडिया से कंटेंट हटाए जाने के बाद भी जरूरी सबूत सुरक्षित रहें.
इस सेंटर की टीम 24 घंटे सोशल मीडिया पर नजर रखेगी. आम लोगों की शिकायतें, व्हिसलब्लोअर की ओर से सामने लाई गई जानकारी और भ्रष्टाचार से जुड़े वायरल पोस्ट और वीडियो को मॉनिटर किया जाएगा. जरूरी जानकारी मिलने पर DVAC उसकी जांच करेगी. यानी एक तरफ विजय विधानसभा में भ्रष्टाचार की “दो फाइलों” का जिक्र कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ उनकी सरकार सोशल मीडिया के जरिए भ्रष्टाचार की शिकायतों और सबूतों को जुटाने के लिए नया सिस्टम तैयार कर रही है.
