नर्सिंग में प्रवेश के लिए आज से शुरू होगी काउंसलिंग, दोपहर 2 बजे से भर सकते हैं एप्लीकेशन, 8 नवंबर तक चलेगी प्रकिया

छत्तीसगढ़ के सरकारी और निजी नर्सिंग कॉलेजों में प्रवेश के लिए आज 2 नवंबर से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। अभ्यर्थी दोपहर 2 बजे से 8 नवंबर शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। इसी दौरान उन्हें कॉलेजों की पसंद भी भरनी होगी। आवेदन के साथ कॉलेजों का चयन करना अनिवार्य है। इसके लिए अलग से समय नहीं दिया जाएगा।

चिकित्सा शिक्षा संचालनालय की राज्य काउंसिलिंग समिति के अनुसार, बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग और पोस्ट बेसिक डिप्लोमा इन साइकियाट्रिक नर्सिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग होगी। पात्र अभ्यर्थी निर्धारित समय में ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

आवेदन के लिए अनारक्षित और अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को 1,000 रुपए शुल्क देना होगा। वहीं, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 500 रुपए निर्धारित किया गया है। आवेदन में संशोधन कराने के लिए 500 रुपए अतिरिक्त शुल्क देना होगा।

आवेदन, काउंसिलिंग, सीट आवंटन और प्रवेश से जुड़ी आगे की जानकारी चिकित्सा शिक्षा संचालनालय की वेबसाइट पर जारी की जाएगी। अभ्यर्थी अपडेट के लिए www.cgdme.in नियमित रूप से देखते रहें।