हाईवे पर चलती स्कूटी में गले लगकर बैठे कपल, दूसरा युवक बिना हेलमेट दौड़ाता रहा गाड़ी, ASP बोले- एक्शन होगा

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नेशनल हाईवे पर युवक-युवतियों के रोमांस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें आगे बैठा युवक स्कूटी चलाते दिखाई दे रहा है, जबकि पीछे बैठे युवक-युवती रोमांस करते नजर आ रहे हैं। वायरल हो रहे वीडियो में स्कूटी पर सवार युवक-युवती का बेहद खतरनाक और अश्लील तरीका देखने को मिला है। स्कूटी चला रहे युवक के पीछे दूसरा युवक उसकी ओर पीठ करके बैठा है, जबकि युवती उस युवक के ऊपर सामने की ओर मुंह करके बैठी हुई है। चलती स्कूटी पर इस तरह इश्क लड़ाने की यह हरकत सरेआम की जा रही थी। हाईवे के भारी ट्रैफिक के बीच हो रही इस हरकत से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था। इस नजारे को देख पीछे चल रहे राहगीरों ने इसका वीडियो बनाया और इंटरनेट मीडिया पर साझा कर दिया। अब ट्रैफिक पुलिस वाहन नंबर के जरिए इन स्टंटबाजों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई करने का हवाला दे रही हैं।

आमतौर पर ऐसी घटनाओं को इंटरनेट मीडिया की रील से जोड़कर देखा जाता है, लेकिन इस मामले में राहगीरों द्वारा बनाया गया वीडियो साफ दर्शाता है कि यह रील बनाने का दिखावा नहीं बल्कि सरेराह अश्लीलता का प्रदर्शन था।

व्यस्त नेशनल हाईवे पर इस तरह की हरकत ने न केवल यातायात सुरक्षा को खतरे में डाला, बल्कि सामाजिक मर्यादाओं को भी तार-तार किया है। जागरूक नागरिकों का कहना है कि ऐसे लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज होना चाहिए।

व्यस्त ट्रैफिक के बीच स्टंटबाजी का चलन युवाओं के बीच तेजी से बढ़ा है, जो सामाजिक सौहार्द और सुरक्षा को भी बिगाड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि दिन में पुलिस की मौजूदगी के बावजूद ऐसी हरकतें करना कानून के प्रति बेखौफ होने की ओर इशारा करता है।
इसके लिए नेशनल हाईवे पर सघन पेट्रोलिंग और तत्काल नाकेबंदी की आवश्यकता है ताकि सार्वजनिक सड़कों पर बढ़ते ऐसे खतरे को समय रहते रोका जा सके।