होटल में झगड़े प्रेमी- प्रेमिका : एक ने लगाई फांसी, दूसरे ने काट ली हाथ की नस

भिलाई। दुर्ग जिले के सुपेला थाना अंतर्गत स्मृतिनगर क्षेत्र के एक होटल में विवाद के बाद प्रेमी जोड़े द्वारा आत्मघाती कदम उठाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। होटल के कमरे में हुए झगड़े के बाद जहां युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, वहीं उसकी गर्लफ्रेंड ने भी हाथ की नस काटकर जान देने की कोशिश की। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवती को तत्काल अस्पताल भिजवाया और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

स्मृति नगर पुलिस ने बताया कि, जवाहर नगर, अटल आवास निवासी शदाब शेख पियानो बजाता था। अपने घर से शदाब मंगलवार शाम सुपेला के होटल में पहुंचा था। जहां अपनी गर्लफ्रेंड के साथ रुका, कुछ समय बाद होटल के कमरे से शादाब का शव मिला। परिजन और दोस्तों का कहना है कि शादाब के शरीर पर कई चोट के निशान मिले हैं। जिस हालत में उसका शव मिला, उसे देखकर आत्महत्या की बात पर भरोसा नहीं हो रहा है। पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग परिवार के लोगों ने की है। मृतक शादाब की उम्र 19 वर्ष है जबकि उसकी गर्लफ्रेंड 23 साल की है।

परिजनों का आरोप है कि, गर्लफ्रेंड ने शादाब को बेल्ट से मारा फिर खुद का हाथ और गर्दन ब्लेड से काटकर उसे धमकाने लगी थी। मृतक के दोस्तों के मुताबिक शादाब का पुरानी गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप हो चुका था। मृतक को मोबाइल और सोशल मीडिया पर ब्लॉक कर दिया था। दोनों के बीच लंबे समय से बातचीत बंद थी। जिस दिन शादाब होटल में था, उसी दिन उसकी पुरानी गर्लफ्रेंड का कॉल आया था। इसे लेकर नई गर्लफ्रेंड नाराज हो गई। फिर दोनों के बीच में विवाद हुआ। इसके बाद युवक ने आत्महत्या कर ली।

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। खबर लगते ही पुलिस होटल में पहुंची कमरे से शव को बाहर निकाला गया। जिसे पीएम के लिए भेजा गया। पीएम होने के बाद शव को परिजनों को सौंपा गया। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। मृतक शादाब के भाई अल्ताफ शेख ने बताया कि रात करीब 11.30 बजे शादाब के दोस्त होटल पहुंचे थे। दोनों को होटल से चेक आउट करना था, लेकिन कमरे का दरवाजा नहीं खुला। दोस्तों ने करीब दो-तीन घंटे तक इंतजार किया। अल्ताफ के मुताबिक सुबह करीब 6 बजे युवती अकेले कमरे से बाहर निकली। कुछ देर बाद फिर कमरे में चली गई। जो होटल के सीसीटीवी कैमरे में कैद है।

भिलाई नगर के सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि, पुलिस घटना को लेकर जांच में जुटी हुई है। प्रथम दृष्ट्या फांसी लगाकर आत्महत्या का मामला दिख रहा है। लेकिन हर पहलू की जांच की जाएगी।