धमतरी नगर निगम में गौ सेवकों का प्रदर्शन, गौमांस मिलने पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग, 24 घंटे का अल्टीमेटम

धमतरी। साल्हेवार पारा गाड़ा पारा बस्ती में संदिग्ध मांस मिलने के मामले को लेकर शुक्रवार 12 जून को गौ सेवकों और हिंदू संगठनों ने नगर निगम कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए बुलडोजर कार्रवाई की मांग उठाई। बताया गया कि गुरुवार 11 जून को क्षेत्र में बड़ी मात्रा में संदिग्ध गौमांस होने की सूचना के बाद हिंदू संगठनों ने विरोध जताया था। सूचना पर पुलिस और जिला चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी। जांच के दौरान करीब 86 किलो संदिग्ध मांस जब्त किया गया, जिसे परीक्षण के लिए हैदराबाद स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मांस की वास्तविक पहचान स्पष्ट हो सकेगी।

शुक्रवार 12 जून को प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम पहुंचकर महापौर और निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि यह गौवंश की अवैध कटाई या बिक्री का मामला पाया जाता है तो दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। संगठन ने प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर कोतवाली थाना का घेराव किया जाएगा।

महापौर रामू रोहरा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और प्रशासन फिलहाल जब्त मांस की फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।