आधा जीवन 4 पैरों पर, फिर अचानक 2 पैरों पर दौड़ने लगता था यह जीव, वैज्ञानिक भी हैरान!
विज्ञान की दुनिया में अक्सर ऐसे खुलासे होते हैं जो न सिर्फ हमारी पुरानी समझ को पूरी तरह से बदल देते हैं बल्कि हैरान कर देते हैं. क्या आप यह सोच सकते हैं कि एक जीव मगरमच्छ की तरह पैदा हो और जवानी आते-आते किसी इंसान या डायनासोर की तरह दो पैरों पर दौड़ने लगे? सुनने में भले ही यह अजीब लगे लेकिन वैज्ञानिकों ने 21.6 करोड़ साल पुराने एक ऐसे अजीब रहस्य से पर्दा उठा दिया है. अमेरिका के एरिजोना के जंगलों में मिले इन फॉसिल यानी जीवाश्मों ने रिसर्चर्स को यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि जिसे अभी तक डायनासोर समझ रहे थे वह असल में आज के मगरमच्छों का एक चालाक और फुर्तीला पूर्वज था.
यूनिवर्सिटी ऑफ वाशिंगटन के रिसर्चर्स ने इस प्राचीन जीव को सोंसेलासुचस नाम दिया है. यह आज से करीब 21.6 करोड़ साल पहले धरती पर मौजूद था. इस जीव की सबसे हैरान करने वाली बात इसकी शरीर की बनावट है. ज्यादातर जीव जीवनभर एक ही तरह से चलते हैं लेकिन सोंसेलासुचस के साथ ऐसा बिलकुल नहीं था. रिसर्च के चीफ राइटर इलियट आर्मर स्मिथ के मुताबिक जब ये छोटे होते थे तो इनके चारों पैर एक ही लंबाई के होते थे और ये मगरमच्छों की तरह ही पैरों पर चलते थे. लेकिन जैसे-जैसे इनकी उम्र बढ़ती थी और ये बड़े होते थे इनके पीछे के पैर ज्यादा लंबे हो जाते थे. और फिर ये पूरी तरह से दो पैरों पर खड़े होकर चलने लगते थे.
रिसर्चर्स ने इसे डिफरेंशियल ग्रोथ पैटर्न बताया है. लगभग 25 इंच ऊंचे इस जीव को देखकर कोई भी इसे छोटा डायनासोर समझने की गलती कर सकता था.
लेकिन यह जीव Shuvosaurid समूह का हिस्सा है जो मगरमच्छों के वंश का है. लेकिन इसमें कई खूबियां डायनासोर जैसी थीं- इस जीव में खोखली हड्डियां थीं जो इसे हल्का और तेज बनाती थीं.
बिना दांतों वाली चोंच इस जीव में थी, जो आधुनिक पक्षियों या कुछ डायनासोर जैसा गुण है.
इस जीव की आंखें बड़ी थी, जिससे यह शिकार को आसानी से देख सकता था.
