छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक CRPF जवान ने खुदकुशी कर ली। जवान की लाश घर में फंदे पर लटकी हुई मिली। बताया जा रहा है कि जवान का उसकी पत्नी से विवाद हो गया था। इसके बाद उसने यह कदम उठाया है। जवान सुरेश सोनवानी उम्र 35 वर्ष निवासी देमार गांव का था। CRPF जवान की ड्यूटी पुलवामा में थी। वह एक महीने की छुट्टी पर अपने घर आया हुआ था। गुरुवार को उसके घर पर कोई नहीं था। घर में मां थी वो सामाजिक कार्यक्रम या बैठक में दूसरे गांव में गई हुई थी। इस दौरान जवान घर पर अकेला था और घर के अंदर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। दूसरे गांव से जवान की मां अगले दिन लौटी। उसने घर का दरवाजा खटखटाया। कमरा अंदर से बंद था। काफी देर तक दरवाजा नहीं खोलने पर जवान की मां ने आसपास के लोगों को बुलाया। इसके बाद ग्रामीणों ने मां के कहने पर घर का दरवाजा तोड़ दिया। जब अंदर घुसकर देखा तो मां के पैरो तले से जमीन खिसक गई। सुरेश फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। जहां शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस के अनुसार कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। अर्जुनी थाना से जानकारी मिली है कि CRPF जवान सुरेश सोनवानी जम्मू कश्मीर पुलवामा में तैनात थे। वह एक महीने की छुट्टी पर घर आए थे। पुलिस ने बताया कि पिछले 3 साल से उसका और उसकी पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। पत्नी मायके में रह रही थी। उसका सात साल का बच्चा भी है। बताया जा रहा है कि छुट्टी में आने पर वह पत्नी को मनाकर अपने घर लाया था। इस बीच 20 दिन पहले फिर दोनों के बीच में विवाद हुआ और पत्नी अपने बच्चे को लेकर फिर मायके चली गईं। इससे CRPF जवान परेशान था। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।
