बीजापुर में CRPF की बड़ी कार्रवाई, नक्सलियों के 8 डंप बरामद, गरियाबंद में प्रेशर आईईडी और कुकर IED डिफ्यूज

बीजापुर: केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है. सूचना के आधार पर कमांडेंट आनंद कुमार के कुशल मार्गदर्शन एवं द्वितीय कमान अधिकारी कुमार नीरज की देखरेख में संयुक्त टीम का गठन किया गया. इस टीम में बी/199 कंपनी और यंग प्लाटून का नेतृत्व कंपनी कमांडर राजीव कुमार ने किया, जबकि एफ/199 कंपनी का नेतृत्व निरीक्षक केबी. पांडा ने संभाला.

संयुक्त टीम ने पीडिया और कुप्पागुडा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एड्री, हर्रा और मदुमपारा गांवों के घने जंगलों में सघन तलाशी अभियान चलाया. अभियान के दौरान जवानों ने अत्यंत सतर्कता और रणनीतिक तरीके से इलाके की घेराबंदी की और चरणबद्ध ढंग से सर्च ऑपरेशन को अंजाम दिया. इस दौरान नक्सलियों द्वारा भविष्य में सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से छिपाकर रखे गए कुल 8 डंप बरामद किए गए. बरामद सामग्री में BGL राइफल, 8 एमएम राइफल, 12 बोर राइफल, 21 आईईडी (IED) और IED बनाने में उपयोग होने वाली सामग्री जैसे कॉर्डेक्स वायर, सेफ्टी फ्यूज, इलेक्ट्रिक वायर, एयर गन राउंड और विभिन्न प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शामिल हैं. इसके अलावा नक्सलियों के उपयोग में आने वाले कपड़े सहित कुल 58 प्रकार की सामग्री जब्त की गई है. यह बरामदगी नक्सलियों की बड़ी साजिश को नाकाम करने में महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

एड्री, हर्रा और मदुमपारा (पीडिया) सहित आसपास का क्षेत्र पूर्व में नक्सली गतिविधियों के लिए बेहद संवेदनशील रहा है, हालांकि, CRPF की 199 वाहिनी द्वारा लगातार चलाए जा रहे अभियान और सुरक्षा बलों की सक्रियता के चलते क्षेत्र में नक्सली प्रभाव में कमी आई है. इससे स्थानीय ग्रामीणों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है और विकास कार्यों को भी गति मिल रही है.

इस सफल कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जो कि सुरक्षा बलों की सतर्कता और कुशल रणनीति का परिणाम है. CRPF की 199 वाहिनी ने स्पष्ट किया है कि वह क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी आसूचना आधारित अभियानों को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा.बल का लक्ष्य क्षेत्र को पूर्णतः नक्सलमुक्त बनाना है, जिसके लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे.

गारीयाबंद में नक्सल उन्मूलन अभियान लगातार जारी है. सुरक्षा बल पूरी तरह सक्रियता से सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं. इसी के तहत सीआरपीएफ और पुलिस जवानों ने दंडईपानी के जंगल में नक्सलियों का संदिग्ध डंप सुरक्षा बलों ने खोज निकाला. बीडीडीएस टीम ने जांच कर डंप में विस्फोटक सामग्री होने की पुष्टि की. डंप से चार किलोग्राम प्रेशर आईईडी और कुकर आईईडी बरामद हुए. सीआरपीएफ और पुलिस जवानों ने IED मौके पर ही डिफ्यूज किया. भरमार रायफल, इंटरसेप्टर, यूबीजीएल राउंड और मैगजीन भी बरामद किए.कमर्शियल कोडेक्स वायर, गन पाउडर और पटाखे भी सुरक्षा बलों को मिले. डंप में दवाइयां और दैनिक उपयोग का सामान भी बरामद हुआ.