जबलपुर-बरगी डैम में पर्यटकों से भरा क्रूज डूबा, 4 लोगों की मौत, 30 लोग थे सवार

मध्य प्रदेश के जबलपुर में स्थित बरगी डैम में एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहां पर्यटकों से भरा एक क्रूज अचानक पलट गया. इस हादसे में अब तक चार लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि कई अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है. नाव में कुल करीब 30 लोग सवार बताए जा रहे हैं. जानकारी के अनुसार, ये घटना उस समय हुई जब पर्यटक डैम में बोटिंग का आनंद ले रहे थे. मौसम सामान्य बताया जा रहा है, लेकिन अचानक संतुलन बिगड़ने से नाव पलट गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद के लिए आवाज उठाई. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची. बचाव अभियान तुरंत शुरू किया गया और कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, कुछ लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया है. प्रशासन ने पुष्टि की है कि चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि अन्य की तलाश और इलाज जारी है.