IPL में आज CSK vs PBKS, चेपॉक में पिछले तीनों मैच पंजाब ने जीते, आज भी धोनी के बिना उतरेगी चेन्नई
IPL के इस सीजन का 7वां मैच चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच खेला जाएगा। चेपॉक स्टेडियम में मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। जिसका टॉस 7 बजे होगा। पंजाब ने अपना पहला मैच गुजरात के खिलाफ जीता। वहीं चेन्नई को राजस्थान के खिलाफ हार मिली। CSK आज भी पूर्व कप्तान एमएस धोनी और डेवाल्ड ब्रेविस के बिना उतरेगी। दोनों इंजरी के कारण बाहर हैं।
चेन्नई और पंजाब के बीच मुकाबले हमेशा से ही रोमांचक रहे हैं। दोनों टीमें 33 बार एक-दूसरे के आमने-सामने आई हैं। इसमें CSK ने 17 और PBKS ने 15 मैच जीते। जबकि एक मैच टाई रहा, जिसे सुपर ओवर में पंजाब ने जीता था। पिछले सीजन दोनों मैचों में पंजाब ने चेन्नई को हराया था। चेपॉक में दोनों टीमें 9 बार आमने-सामने हुईं, चेन्नई को 4 और पंजाब को 5 में जीत मिली। यहां पिछले तीनों मैच PBKS ने ही जीते।
CSK के पूर्व कप्तान एमएस धोनी और डेवाल्ड ब्रेविस IPL के शुरुआती मैचों से बाहर रहेंगे। ब्रेविस साइड स्ट्रेन से जूझ रहे हैं, जबकि धोनी मांसपेशियों में खिंचाव के कारण रिहैब कर रहे हैं। दोनों खिलाड़ी पहला मैच भी नहीं खेल पाए थे।
पंजाब किंग्स को ऑस्ट्रेलिया के कूपर कोनोली के रूप में तीसरे नंबर का भरोसेमंद बल्लेबाज मिल गया है। उन्होंने पिछले मैच में टीम को खराब शुरुआत से उबारकर जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। पंजाब की गेंदबाजी भी मजबूत नजर आ रही है। अनुभवी स्पिनर युजवेंद्र चहल ने टाइटंस के खिलाफ अपनी लाइन और गति से प्रभावित किया। उन्होंने मिडिल ओवर्स में रनों पर रोक लगाई और 2 महत्वपूर्ण विकेट लिए थे। उन्हें तेज गेंदबाज विजयकुमार वैशाख का अच्छा साथ मिला था।
