साइप्रस ने PM मोदी को सर्वोच्च सम्मान से नवाजा, कहा- ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ की सोच का सम्मान, प्रेसिडेंशियल पैलेस में स्वागत

पीएम मोदी के साइप्रस दौरे का आज दूसरा दिन है। साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस ने मोदी को साइप्रस के सर्वोच्च सम्मान ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस III से सम्मानित किया। मोदी ने कहा, राष्ट्रपति जी इस सम्मान के लिए मैं आपका, साइप्रस सरकार का और साइप्रस के लोगों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। यह सिर्फ नरेंद्र मोदी का ही नहीं बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है; यह उनकी क्षमताओं और आकांक्षाओं का सम्मान है। यह हमारी संस्कृति, भाईचारे और वसुधैव कुटुम्बकम की विचारधारा का सम्मान है। इससे पहले मोदी का प्रेसिडेंशियल पैलेस में स्वागत किया गया। इसके बाद दोनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों के बीच बैठक हुई। अब मोदी G7 समिट में हिस्सा लेने के लिए कनाडा रवाना हो जाएंगे। मोदी रविवार को साइप्रस पहुंचे थे। एयरपोर्ट पर रेड कार्पेट बिछाकर उनका स्वागत हुआ। इसके बाद उन्होंने भारतीय समुदाय से मुलाकात की। फिर रात में स्टेट डिनर किया।