साल के पहले चंद्रग्रहण की आ गई तारीख, अंतिरक्ष में दिखेगा ब्लड मून का नजारा

राष्ट्रीय

खगोलविद साल 2025 के पहले चंद्रग्रहण के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जो आने वाली 13-14 मार्च की रात को होने जा रहा है। यह एक पूर्ण चंद्रग्रहण होगा, जिसमें ब्लड मून भी दिखाई देगा। चंद्रग्रहण उस खगोलीय घटना को कहते हैं, जो सूर्य, पृथ्वी और चंद्रमा के एक सीध में होने के चलते होती है। इस दौरान चंद्रमा पृथ्वी की छाया में सीधे गुजरता है। ऐसा होने से इसमें कुछ अजीब बदलाव आता है। यह कुछ वैसा ही है जब सूर्यग्रहण के दौरान पृथ्वी का एक हिस्सा चंद्रमा की छाया में चला जाता है। पूर्ण चंद्रग्रहण का सबसे बेहतरीन नजारा उत्तरी और दक्षिणी अमेरिका में रहने वालों को देखने को मिलेगा। दुनिया की 13 फीसदी आबादी पूर्ण चंद्रग्रहण के मार्ग में होगी। यानी एक अरब लोग इसका दीदार करेंगे। यह केवल साफ आसमान में ही दिखाई देगा। मार्च में होने वाला यह ग्रहण नवम्बर 2022 के बाद से दुनिया में कहीं भी होने वाला पहला पूर्ण चंद्रग्रहण होगा। यह साल 2025 व 2026 में होने वाले तीन चंद्रग्रहण में से पहला होगा। मार्च 2025 के पूर्ण चंद्रग्रहण के दौरान फुल वॉर्म मून होगा और पृथ्वी की छाया में चला जाएगा। ऐसा होने पर चंद्रमा की चमक धीरे-धीरे कम होगी। अपनी पूर्णता के दौरान चंद्रमा की सतह का पूरा हिस्सा नारंगी-लाल रंग में नजर आएगा। यह 65 मिनट तक चलेगा। चंद्रग्रहण ऐसी घटना है जो दुनिया में एक ही समय पर होती है, लेकिन अलग-अलग टाइम जोन के चलते हम इसे अलग समय में देखते हैं। अमेरिकी समय के अनुसार यह इसे पूर्णता में 14 मार्च को सुबह के समय 2.26 बजे से 3.31 बजे तक देखा जा सकेगा। भारतीय समयानुसार यह सुबह 11.56 बजे से शुरू होगा। इसका मतलब है कि पूर्णचंद्रग्रहण की घटना के दौरान भारत में दिन होगा।