दतिया विधानसभा उपचुनाव-30 जुलाई को वोटिंग, 3 अगस्त को नतीजे

भोपाल। प्रदेश में बहुप्रतीक्षित दतिया जिले की दतिया विधानसभा सीट पर चुनाव आयोग ने गुरुवार को उपचुनाव की घोषणा कर दी। यह सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को आर्थिक धोखाधड़ी के मामले में तीन वर्ष के कारावास और एक लाख रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाए जाने के बाद दो अप्रैल 2026 को सदस्यता समाप्त होने के कारण रिक्त हुई थी। यहां मतदान 30 जुलाई को होगा और परिणाम तीन अगस्त को घोषित होंगे। चुनाव की घोषणा के साथ ही दतिया में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है।

2023 में कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने भाजपा के डॉ. नरोत्तम मिश्रा को 7,740 मतों के अंतर से पराजित किया था। डॉ. मिश्रा शिवराज सरकार में गृह मंत्री थे। राजेंद्र भारती के विरुद्ध आर्थिक धोखाधड़ी का मामला वर्ष 1998 का था। तब वह दतिया जिला सहकारी कृषि ग्रामीण बैंक के अध्यक्ष थे। उन पर अपनी मां के नाम पर जमा एफडी के दस्तावेजों में हेराफेरी और धोखाधड़ी करने का आरोप था।

दिल्ली स्थित राउज एवेन्यू की एमपी-एमएलए कोर्ट ने आपराधिक साजिश और धोखाधड़ी की धाराओं में तीन साल के कारावास और एक लाख रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई। लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम में दो वर्ष से अधिक सजा पर सदस्यता समाप्त करने का प्रविधान है। इसके आधार पर दो अप्रैल 2026 को विधानसभा सचिवालय ने उनकी सदस्यता समाप्त करते हुए सीट रिक्त घोषित कर दी।

उन्होंने इस निर्णय को न्यायालय में चुनौती दी है, लेकिन अब तक उन्हें कोई राहत नहीं मिली है। प्रकरण की सुनवाई 29 जुलाई को प्रस्तावित है। इस बीच चुनाव आयोग ने गुरुवार को उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया।

सूत्रों का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी से डॉ. नरोत्तम मिश्रा को चुनाव लड़ाए जाने की पूरी संभावना है। उन्होंने संगठन से संकेत मिलने के बाद तैयारी भी प्रारंभ कर दी है। वहीं, राजेंद्र भारती अपने बेटे अंकित को चुनाव लड़ाने की तैयारी में है। वह 16 मई को अंकित को पार्टी नेता राहुल गांधी से मिलवा चुके हैं।

कांग्रेस के अवधेश नायक भी सक्रिय हैं। नायक को पार्टी ने 2023 के विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार तक घोषित कर दिया था, लेकिन भारती समर्थकों के विरोध के चलते ऐनवक्त पर टिकट बदला गया। उधर, आजाद समाज पार्टी ने दामोदर यादव को प्रत्याशी घोषित कर दिया है।

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद प्रदेश में यह पहला चुनाव है। चुनाव आयोग ने निर्देश दिए हैं कि 21 फरवरी 2026 को प्रकाशित मतदाता सूची के आधार पर उपचुनाव कराया जाएगा।