कवर्धा : एक चिता पर जले 17 शव, एक ही परिवार के 11 लोग, हादसे में मारे गए थे 19 लोग, ,2 का अंतिम संस्कार ससुराल में

क्षेत्रीय

छत्तीसगढ़ के कवर्धा में हुए भीषण सड़क हादसे में मारे गए 19 लोगों के शवों का आज अंतिम संस्कार कर दिया गया। इनमें से 17 लोगों का अंतिम संस्कार एक ही गांव में एक ही चिता में किया गया। इनमें एक ही ​परिवार के 11 लोगों के शव थे। वहीं दो लोगों को अंतिम संस्कार उनके ससुराल में किया गया। इस दौरान पूरा माहौल गमगीन हो गया। इधर पूरा कवर्धा आज हादसे से गम में डूबा हुआ है। सोमवार को दोपहर दो बजे हुए इस भीषण हादसे में 19 लोगों की मौत हो गई। इसमें 18 महिलाएं व 1 पुरुष शामिल हैं। इनमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी मृतक और घायल कुई के पास ग्राम सेमहारा के निवासी हैं, जो एक वाहन को किराए पर लेकर सोमवार की सुबह तेंदूपत्ता तोडऩे गए थे। तेंदूपत्ता तोड़कर उसी वाहन से लौट रहे थे।

वाहन में 36 लोग सवार थे। दोपहर करीब 2 बजे ग्राम बाहपानी के बंजारी घाट से नीचे उतरने समय वाहन अनियंत्रित होकर उसी सड़क के नीचे पलटते हुए जा गिरा। वाहन नीचे गिरते हुए वाहन चालक ने छलांग लगा दी। 12 अन्य लोग भी वाहन से कूद गए। शासन ने मृतकों के परिजनों को 5 लाख और हादसे में घायलों को 50 हज़ार की सहायता राशि देने का निर्णय लिया है। यह राशि प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई सहायता एवं बीमा आदि से मिलने वाली राशि के अतिरिक्त है।