केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 1 जुलाई शनिवार को रायपुर आ रहे हैं। एयरपोर्ट पर कुछ देर रुकने के बाद वो सीधे कांकेर के लिए रवाना होंगे। नक्सल प्रभावित जिले में सियासी सभा करेंगे। राजनाथ सिंह बस्तर संभाग के कांकेर जिले में सुरक्षाबलों के अफसरों स्थानीय भाजपा नेताओं से भी मुलाकात कर सकते हैं। राजनाथ सिंह शनिवार दोपहर दिल्ली से निकलकर विशेष विमान से स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे। दोपहर करीब 1:00 बजे के आसपास वो रायपुर पहुंचेंगे। यहां से BSF के हेलिकॉप्टर से कांकेर जाएंगे। फिर 2 बजे पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित अजय मंडावी से मुलाकात करेंगे।
मंडावी से मुलाकात के बाद राजनाथ सिंह दोपहर 2.30 बजे नहहरदेव हाईस्कूल ग्राउंड में आम सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वो करीब 6 बजे रायपुर के लिए रवाना होंगे। रायपुर में वह भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर जाएंगे। वहां भाजपा नेताओं से उनकी मुलाकात हो सकती है। इसके बाद वह रात में रायपुर में ही रुकेंगे।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
राजनाथ सिंह का ये दौरा सुरक्षा के लिहाज से भी संवेदनशील है। इसलिए सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं। राजनाथ सिंह के लिए ब्लैक कैट कमांडो की टीम तैनात रहेगी। इसके अलावा स्थानीय पुलिस और पैरा मिलिट्री फोर्स भी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किया गाय है। स्थानीय भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को पूरे बस्तर संभाग से इस सभा में लोगों को जुटाने के काम पर लगाया गया था। कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव, डॉ रमन सिंह समेत तमाम बड़े नेता शामिल होंगे।