रायपुर : 60 साल पुरानी डिग्री गर्ल्स कॉलेज की इमारत टूटेगी

रायपुर। राजधानी के दूधाधारी बजरंग महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय के करीब 60 साल पुराने मुख्य भवन को लोक निर्माण विभाग ने जर्जर स्थिति के मद्देनजर गिराने की सिफारिश की है। इसके बाद कॉलेज परिसर के पुनर्विकास की तैयारी शुरू हो गई है। कॉलेज प्रशासन ने मुख्य भवन के पुनर्निर्माण और छात्राओं के लिए जरूरी सुविधाओं के विस्तार को लेकर उच्च शिक्षा संचालनालय को प्रस्ताव भेजा है।

प्राचार्य डॉ. जया तिवारी की ओर से भेजे गए प्रस्ताव में भवन के साथ-साथ कॉलेज परिसर की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया है। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि छात्राओं की पढ़ाई, सुरक्षा और रोजमर्रा की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सुविधाओं में सुधार किया जा रहा है। कॉलेज परिसर में पेयजल के लिए सात वाटर कूलर लगाए गए हैं। इनमें से तकनीकी खराबी वाले एक कूलर को दुरुस्त कराया जा रहा है। स्वच्छता बनाए रखने के लिए छात्राओं को गिलास के बजाय अपनी बोतल का इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

महाविद्यालय में पहले से लगी सैनिटरी वेंडिंग और डिस्पोजल मशीनें खराब हो चुकी हैं। इन्हें बदलने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से तीन नई मशीनें लगाने की तैयारी है। कक्षाओं में पर्याप्त रोशनी और हवा की व्यवस्था के साथ तकनीकी खराबियों को तत्काल दूर करने के निर्देश भी दिए गए हैं। शौचालयों और कक्षाओं की नियमित सफाई के लिए कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की गई है।

कॉलेज की लाइब्रेरी में 60 हजार से अधिक पुस्तकें उपलब्ध हैं। यहां पढ़ाई के लिए नए कंप्यूटर सॉफ्टवेयर और छात्राओं के बैठने की बेहतर व्यवस्था भी की गई है। अब मुख्य भवन को गिराने और उसके स्थान पर नया भवन बनाने की सिफारिश पर आगे की कार्रवाई उच्च शिक्षा विभाग के स्तर पर होनी है।