दिल्ली: AAP काउंसलर सरिता फोगाट और प्रीति ने थामा BJP का दामन

राजनीति राष्ट्रीय

दिल्ली में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका देते हुए आज बुधावर को दो महिला नेताओं ने भाजपा का दामन थाम लिया। दिलशाद गार्डन की पार्षद प्रीति और ग्रीन पार्क की पार्षद सरिता फोगाट ने आम आदमी पार्टी को छोड़कर भाजपा में शामिल हो गईं। दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा व अन्य नेताओं ने इनका पार्टी में स्वागत किया। सचदेवा ने कहा, “दिल्ली के लोग कई तरह की समस्याओं से जूझ रहे हैं। लोगों को पीने का पानी नहीं मिल रहा है। सीवर ओवरफ्लो की समस्या है। सड़कें क्षतिग्रस्त हैं। इन समस्याओं पर ध्यान देने की जगह मुख्यमंत्री आतिशी राजनीतिक नाटक में व्यस्त हैं।”

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा, “राम मंदिर का विरोध करने वाले अरविंद केजरीवाल की तुलना भगवान राम से करके वह हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचा रही हैं। सुप्रीम कोर्ट ने केजरीवाल पर प्रतिबंध लगाया है। इसे लेकर वह जनता को गुमराह कर रहे हैं कि जनता की अदालत से जीत कर वह फिर से मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठेंगे। उन्हें बताना चाहिए कि क्या सुप्रीम कोर्ट ने प्रतिबंध वापस ले लिया है?”

पार्षद प्रीति ने कहा, “मुझे लगा था कि केजरीवाल कुछ नया करेंगे। इस उम्मीद के साथ उनके साथ जुड़ी थी। आम आदमी पार्टी में लोकतंत्र नहीं है। महिलाओं का अपमान किया जाता है। नगर निगम की बुरी स्थिति कर दी गई है।”