आम आदमी पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। लिस्ट में 11 नाम हैं। इनमें से छह नेता ऐसे हैं, जो BJP या कांग्रेस छोड़कर आप में शामिल हुए हैं। ब्रह्म सिंह तंवर, बीबी त्यागी और अनिल झा ने हाल ही में BJP छोड़ी थी। वहीं जुबैर चौधरी, वीर सिंह धींगान और सुमेश शौकीन कांग्रेस से आप में आए हैं। दिल्ली विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 23 फरवरी 2025 को खत्म हो रहा है। इलेक्शन कमीशन मौजूदा सदन के पांच साल के कार्यकाल के खत्म होने की तारीख से पहले चुनाव की प्रक्रिया पूरी कराता है। पिछला विधानसभा चुनाव फरवरी 2020 में हुआ था, जिसमें आम आदमी पार्टी ने पूर्ण बहुमत हासिल किया था और 70 में से 62 सीटें जीती थीं। भारतीय जनता पार्टी सिर्फ 8 सीटें जीतने में सफल रही, जबकि कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला था।
11 उम्मीदवारों के नाम सामने आए
छतरपुर से ब्रह्मा सिंह तंवर चुनाव लड़ेंगे
किराड़ी से अनिल झा AAP उम्मीदवार होंगे
विश्वास नगर से दीपक सिंघला चुनाव लड़ेंगे
रोहतास नगर से सरिता सिंह AAP उम्मीदवार होंगी
लक्ष्मी नगर से BB त्यागी AAP उम्मीदवार होंगे
बदरपुर से राम सिंह नेता जी उम्मीदवार होंगे
सीलमपुर से जुबैर चौधरी AAP उम्मीदवार होंगे
सीमापुरी से वीर सिंह धींगान चुनाव लड़ेंगे
घोंडा से गौरव शर्मा चुनाव लड़ेंगे
करावल नगर से मनोज त्यागी AAP प्रत्याशी होंगे
मटियाला से सोमेश शौकीन AAP के उम्मीदवार होंगे
दूसरे दलों से आए इन नेताओं को टिकट
आम आदमी पार्टी ने जिन नेताओं को टिकट दिया है उनमे ब्रह्म सिंह तंवर और अनिल झा ने हाल ही में बीजेपी छोड़ आम आदमी पार्टी ज्वाइन की थी। बीबी त्यागी ने 5 नवंबर को बीजेपी छोड़ आम आदमी पार्टी जॉइन की थी। जुबेर चौधरी ने कुछ समय पहले ही कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी ज्वाइन की थी। वीर सिंह धिंगान ने भी एक हफ्ते पहले कांग्रेस छोड़ के आम आदमी पार्टी ज्वाइन की थी। सोमेश शौकीन भी हाल ही में कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे