दिल्ली में AAP नेता 200 फुट लंबा तिरंगा लेकर निकले, मुंबई के आजाद मैदान में जुटे CJP कार्यकर्ता

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत ने आज कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क पर तिरंगा यात्रा का ऐलान किया है. CJP ने अपने समर्थकों और आम लोगों से शाम 5 बजे सेंट्रल पार्क में जुटने की अपील की है. कनॉट प्लेस में दिल्ली पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है.

वहीं, नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन ने CJP के विरोध प्रदर्शन से पहले एक बयान जारी किया है. NDTA ने सवाल उठाया है कि CP ही क्यों? यह एक सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट और मार्केट एरिया है, न कि विरोध प्रदर्शन की जगह. उन्हें विरोध करने का अधिकार है, तो हमें भी अपनी आजीविका कमाने का अधिकार है. वे विरोध प्रदर्शन के लिए तय की गई जगहों पर जाकर प्रदर्शन क्यों नहीं करते.

NDTA ने कहा, ‘कृपया हमें शांति से अपनी आजीविका कमाने दें. त्योहारों का मौसम शुरू हो गया है. CP के मार्केट एरिया में बाधा न डालें और सार्वजनिक सेवाओं में रुकावट न पैदा करें. इससे आम जनता को परेशानी होती है और कारोबार के साथ-साथ सरकारी रेवेन्यू का भी नुकसान होता है.’

बता दें, CJP तिरंगा लहराकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध जताना चाहती है. यह विरोध मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में अनियमितताओं के आरोपों को लेकर है.

दिल्ली पुलिस ने कनॉट प्लेस और आसपास लागू निषेधाज्ञा का हवाला देकर लोगों से मार्च से दूर रहने को कहा है. पुलिस के मुताबिक भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत पाबंदियां लागू हैं. NDMC ने भी प्रशासनिक कारणों से 16 और 17 अक्टूबर को सेंट्रल पार्क बंद रखने की जानकारी दी है.

दिल्ली में आम आदमी पार्टी के नेता 200 फुट लंबा तिरंगा लेकर निकले हैं. इस बीच, सौरभ भारद्वाज ने कहा, वे कहते हैं कि आप भारत में तिरंगा नहीं फहरा सकते. हम ऐसा क्यों नहीं कर सकते, क्या हम कुछ गलत कर रहे हैं. अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई तो यही थी. अंग्रेज कहते थे कि सिर्फ ब्रिटिश झंडा ही फहराया जाएगा, और भारतीय कहते थे कि हम तिरंगा फहराएंगे. तिरंगे को रोकने के लिए सुरक्षा बढ़ाई जा रही है.