दिल्ली से देहरादून अब 2.5 घंटे में, PM मोदी थोड़ी देर में करेंगे एक्सप्रेसवे का उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के महत्वपूर्ण दौरे पर हैं, सहारनपुर में दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के वाइल्डलाइफ कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे. इस मौके पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहेंगे. दिल्ली-देहरादून वाइल्डलाइफ कॉरिडोर के उद्घाटन के बाद पीएम यहीं से देहरादून पहुंचेंगे, जहां करीब 11:40 बजे देहरादून के मां डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे, मंदिर में दर्शन के बाद पीएम का 12 किलोमीटर लंबा रोड शो शुरू होगा जो शहर के विभिन्न हिस्सों से होकर गुजरेगा.
इसके दोपहर 12:30 बजे वे बाबा जसवंत सिंह ग्राउंड पहुंचकर एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे. इस परियोजना का उद्देश्य दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा में लगने वाले समय को कम करना है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों में भी तेजी आएगी. सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के सहयोग से तैयार ये प्रोजेक्ट आधुनिक इंजीनियरिंग का बेजोड़ नमूना है. करीब 13,000 करोड़ रुपये की इस सौगात में एशिया का सबसे लंबा 12 किलोमीटर का एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर और 340 मीटर लंबी सुरंग शामिल है.
वहीं, पीएम के आगमन को लेकर देहरादून में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है. शहर में प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के बड़े-बड़े पोस्टर लगाए गए हैं. PM नरेंद्र मोदी अब से कुछ देर में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे के वाइल्डलाइफ कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे. 213 किलोमीटर लंबा, छह लेन वाला और एक्सेस कंट्रोल्ड दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर 12,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किया गया है. ये कॉरिडोर दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड राज्यों से होकर गुजरता है और दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा में लगने वाले वक्त (जो वर्तमान में छह घंटे है) को घटाकर लगभग ढाई घंटे हो जाएगा.
