दिल्ली मेयर इलेक्शन के बाद आज दिल्ली वालों को उनका मेयर मिल जाएगा। दिल्ली एमसडी (सदन) में वोटिंग शुरू हो चुकी है। भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी, सांसद हंस राज हंस और रमेश बिधुरी ने अपना वोट डाला है। इसके अलावा राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भी वोट डाला है। दिनेश कुमार मोहनिया, अखिलेश पति त्रिपाठी ने भी अपना वोट डाला है। बताया जा रहा है कि वार्ड नंबर के हिसाब से पार्षदों की वोटिंग शुरू हुई है। सांसदों के वोट डालने के बाद विधायक अपना वोट डाल रहे हैं। डेढ़ घंटे तक वोटिंग की प्रक्रिया चलेगी।
हालांकि, एमसीडी (सदन) में वोटिंग शुरू होने से पहले तनातनी की स्थिति भी बन गई थी। आम आदमी पार्टी के पार्षद भाजपा विधायक के सदन में प्रवेश पर रोष जता रहे थे। जब आप विधायक सदन में घुसे थे तब उन्होंने विक्ट्री का साइन दिखाया। बता दें कि आप पार्षद शैली ओबराय और भाजपा पार्षद रेखा गुप्ता के बीच मेयर की कुर्सी को लेकर दंगल है। आप प्रत्याशी आशु ठाकुर ने चुनाव से पहले नाम वापस ले लिया था। सदन में पीठासीन पदाधिकारी सत्या शर्मा के आने के बाद वोटिंग की प्रक्रिया शुरू की गई थी।
एमसीडी में महापौर चुनाव के तीन प्रयास असफल हो चुके हैं। जिसके बाद आज चौथी बार चुनाव होना है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद एमसीडी सदन में एक चुनाव के लिए मंच तैयार हो चुका है। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने 17 फरवरी को महापौर, उप महापौर और नगर निकाय की स्थायी समिति के सदस्यों के चुनाव की तारीख तय करने के लिए दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की पहली बैठक बुलाने के लिए 24 घंटे के भीतर नोटिस जारी करने का आदेश दिया था। न्यायालय ने सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) की महापौर पद की उम्मीदवार शैली ओबेरॉय की याचिका पर सुनवाई के बाद यह आदेश जारी किया था। सबसे बड़ी अदालत ने यह भी कहा था कि उपराज्यपाल द्वारा एमसीडी में नामित सदस्य महापौर चुनने के लिए मतदान नहीं कर सकते।
जिसके बाद अब 24 फरवरी को मेयर का चुनाव हो रहा है। बता दें कि भाजपा ने इस चुनाव में रेखा गुप्ता को अपना उम्मीदवार बनाया है। मेयर चुनाव के साथ-साथ उपमेयर और स्टैंडिंग कमेटी के सदस्यों का चुनाव भी होना है। आज यह फैसला हो जाएगा कि दिल्ली के मेयर का ताज किसके सिर सजेगा।