दिल्ली में पारा 45 पार, आज और प्रचंड गर्मी का अलर्ट…

दिल्ली में मंगलवार को इस महीने का पहला ‘हीटवेव’ (लू) वाला दिन दर्ज किया गया, जिसमें सूखी हवाओं और तेज धूप की वजह से तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में हीटवेव से लेकर गंभीर हीटवेव की स्थितियों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, शहर के मुख्य मौसम निगरानी केंद्र सफदरजंग में अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.7 डिग्री ज़्यादा और पिछले दिन की तुलना में 1.7 डिग्री ज्यादा था. पालम केंद्र पर भी तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.8 डिग्री ज़्यादा था और पिछले 24 घंटों में इसमें 1.6 डिग्री की बढ़ोतरी हुई.

लोधी रोड केंद्र पर अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.2 डिग्री ज़्यादा और पिछले दिन की तुलना में 1.4 डिग्री ज्यादा था. इसके साथ ही यहा आधिकारिक तौर पर हीटवेव की स्थिति दर्ज की गई. वहीं, रिज केंद्र पर शहर का सबसे ज्यादा तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा था और पिछले 24 घंटों में इसमें 1.9 डिग्री की बढ़ोतरी हुई.

मौसम विभाग ने 25 मई तक ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है, जिसमें शहर के कई हिस्सों में लू से लेकर भीषण लू की स्थिति की चेतावनी दी गई है. बुधवार के लिए, IMD ने न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान लगाया है, साथ ही ‘ऑरेंज अलर्ट’ भी जारी किया है.

उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर लगातार बढ़ता जा रहा है. दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में अगले 24 घंटे के दौरान हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है.

उत्तर प्रदेश का बांदा जिला मंगलवार को 48.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ तप रहा था, वहीं इंदौर के अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि भीषण गर्मी में कार के अंदर फंस जाने से दम घुटने के शक में एक चार साल की बच्ची की मौत हो गई.

पंजाब में बढ़ते तापमान ने फरीदकोट के लोगों का जीना मुश्किल कर दिया, जहां दिन का तापमान 47.3 डिग्री तक पहुंच गया था. वहीं, महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र के ज्यादातर शहर भी भीषण लू की चपेट में थे, जहां अमरावती में तापमान 46.8 डिग्री तक दर्ज किया गया.

मध्य प्रदेश के इंदौर में, एक चार साल की बच्ची कई घंटों तक कार के अंदर फंसी रही और बाद में वह बेहोश मिली. डॉक्टरों ने अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया. अधिकारियों ने बताया कि आशंका है कि उसकी मौत दम घुटने से हुई है, लेकिन मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम के बाद ही पता चलेगी.