दिल्‍ली से पटना 18 हजार, दरभंगा के 20 हजार रुपये, छठ पर फ्लाइट किराया देख सिर चकराया

छठ पूजा और शादी के सीजन से पहले हवाई सफर महंगा हो गया है. पिछले 15 दिनों में घरेलू उड़ानों का किराया करीब 50% तक बढ़ गया है. दिल्ली के कारोबारियों के संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने इस पर चिंता जताते हुए केंद्र सरकार से दखल देने की मांग की है.

संगठन ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू को पत्र लिखकर हवाई किराये को नियंत्रित करने और हर रूट के लिए मैक्सिमम फेयर यानी अधिकतम किराया तय करने की मांग की है. CTI के मुताबिक, किराये में बढ़ोतरी का असर सिर्फ कारोबारियों पर नहीं, बल्कि त्योहारों के दौरान यात्रा करने वाले मिडिल क्‍लास परिवारों और दूसरे यात्रियों पर भी पड़ रहा है.

CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा कि 20 नवंबर से शादी का सीजन शुरू हो रहा है. वहीं, छठ पूजा के लिए भी बड़ी संख्या में लोग यात्रा कर रहे हैं. ऐसे समय में हवाई किराये में तेज बढ़ोतरी यात्रियों की परेशानी बढ़ा रही है.

दिल्ली से पटना का 18 हजार, दरभंगा 20 हजार रुपये
CTI की ओर से कराए गए सर्वे के मुताबिक, दिल्ली से कई प्रमुख शहरों के लिए हवाई किराये कुछ ही दिनों में लगभग दोगुने हो गए हैं. संगठन ने अलग-अलग रूट पर किराये के ये आंकड़े दिए हैं.

हवाई रूट: CTI के मुताबिक किराया

दिल्ली-पटना: 18,000 रुपये
दिल्ली-दरभंगा: 20,000 रुपये
दिल्ली-मुंबई: 15,000 रुपये
दिल्ली-बेंगलुरु: 16,000-18,000 रुपये
दिल्ली-अहमदाबाद: 11,000 रुपये
दिल्ली-हैदराबाद: 11,000-15,000 रुपये

सरकार से CTI की 5 बड़ी मांगें

CTI का कहना है कि त्योहार और शादी के सीजन में यात्रियों की मांग बढ़ने के साथ एयरलाइंस किराये में भारी बढ़ोतरी कर रही हैं. संगठन ने इसे रोकने के लिए सरकार से एक पारदर्शी व्यवस्था बनाने की अपील की है.

1. हवाई किराये को नियंत्रित किया जाए
CTI ने सरकार से मांग की है कि ज्यादा मांग वाले समय में एयरलाइंस की ओर से मनमाने तरीके से किराया बढ़ाने पर रोक लगाने के लिए नियमन किया जाए.

2. हर रूट पर अधिकतम किराया तय हो
संगठन चाहता है कि हर हवाई रूट के लिए अधिकतम किराये की सीमा तय की जाए. इससे त्योहारों और शादी के सीजन में टिकट की कीमतों में अचानक होने वाली बढ़ोतरी को रोका जा सकेगा.

3. दूरी के आधार पर किराया तय हो
CTI ने किलोमीटर के हिसाब से किराये की पारदर्शी व्यवस्था बनाने का सुझाव दिया है. संगठन का तर्क है कि टिकट की कीमत उड़ान की दूरी के मुताबिक तय होनी चाहिए.

4. ज्यादा मांग वाले रूट पर उड़ानें बढ़ाई जाएं
दिल्ली-पटना, दिल्ली-दरभंगा, दिल्ली-मुंबई और दिल्ली-बेंगलुरु जैसे रूट पर अतिरिक्त उड़ानें शुरू करने की मांग की गई है. इससे यात्रियों के पास ज्यादा विकल्प होंगे और किराये पर दबाव कम हो सकता है.

5. नई एयरलाइंस को बाजार में आने का मौका मिले
CTI ने सरकार से दो से तीन नई एयरलाइंस को बाजार में प्रवेश के लिए प्रोत्साहित करने की मांग की है. संगठन के मुताबिक, इससे विमानन क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और यात्रियों को कम किराये का फायदा मिल सकता है.

CTI का कहना है कि त्योहारों और शादी के सीजन में हवाई सफर आम लोगों की पहुंच से बाहर नहीं होना चाहिए. संगठन ने सरकार से जल्द कदम उठाने की अपील की है.