दिल्ली: Re-NEET एग्जाम के लिए छात्रों को बड़ी राहत, 21 जून को DTC बसों में फ्री सफर
दिल्ली में 21 जून को होने वाले NEET-UG री-एग्जाम से पहले छात्रों के लिए राहत भरी खबर है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एलान किया है कि परीक्षा देने वाले सभी छात्र उस दिन DTC बसों में मुफ्त सफर कर सकेंगे. इसके लिए छात्रों को बस कंडक्टर को सिर्फ अपना वैध नीट एडमिट कार्ड दिखाना होगा. सरकार का मानना है कि दोबारा परीक्षा दे रहे छात्रों समेत उनके परिवारों पर मानसिक-आर्थिक दबाव पहले से बहुत ज्यादा है, इसी वजह से सफर को आसान बनाने का यह फैसला लिया गया. दरअसल, 3 मई को हुई नीट परीक्षा को पेपर लीक के आरोपों के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने रद्द कर दिया था. इसके बाद अब री-एग्जाम की तारीख 21 जून तय की गई है. ऐसे में हजारों छात्रों को दोबारा तैयारी करनी पड़ी, जिससे उनका तनाव काफी बढ़ गया. इसी को देखते हुए दिल्ली सरकार परीक्षा वाले दिन बस यात्रा मुफ्त करने का कदम उठा रही है. सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार चाहती है कि किसी भी छात्र को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में कोई दिक्कत न हो. परीक्षा जैसे अहम दिन पर ट्रांसपोर्ट की चिंता छात्रों का ध्यान भटका सकती है. दिल्ली सरकार की कोशिश यही है कि बच्चे समय पर अपने सेंटर पहुंच जाएं. इससे वे बिना किसी फालतू तनाव के, पूरे आत्मविश्वास के साथ अपना पेपर दे सकेंगे.
दिल्ली सरकार के मुताबिक, इस सुविधा का फायदा उठाने के लिए किसी अलग पास या रजिस्ट्रेशन की जरूरत नहीं होगी. यह सुविधा 21 जून को पूरे दिन सभी डीटीसी बसों में लागू रहेगी. मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) की ओर से जारी बयान में कहा गया कि नीट जैसी परीक्षाएं छात्रों के भविष्य से जुड़ी होती हैं, इसलिए परीक्षा वाले दिन उन्हें ज्यादा से ज्यादा सहूलियत मिलनी चाहिए.
रेखा गुप्ता ने छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह परीक्षा उनकी मेहनत, सपनों को नई दिशा देने का मौका है. सरकार ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि 21 जून को यात्रा करते समय अपना एडमिट कार्ड साथ रखना बिल्कुल न भूलें, ताकि बिना किसी परेशानी के मुफ्त सफर का लाभ मिल सके.
