दिल्ली : यमुना में फिर घुला ‘जहर’, कालिंदी कुंज में तैरते दिखे जहरीले झाग…

राष्ट्रीय

राजधानी दिल्ली की यमुना नदी में एक बार फिर अमोनिया का स्तर बढ़ गया है। सोमवार को कालिंदी कुंज के पास यमुना नदी की सतह पर जहरीले झाग तैरते दिखे। यमुना के पानी में प्रदूषक तत्वों की मात्रा बढ़ने को लेकर दिल्ली सरकार कई बार चिंता जता चुकी है, लेकिन अब तक इस समस्या पर काबू नहीं पाया जा सका है। यमुना में गंदगी के लिए भाजपा ने अरविंद केजरीवाल सरकार पर हमला बोला है।

दिल्ली में यमुना नदी फिर से दूषित होने लगी है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और पार्टी सांसद मनोज तिवारी ने प्रदूषण की स्थिति का आकलन करने के लिए सोमवार को कालिंदी कुंज में यमुना घाट का दौरा किया। यमुना की हालत देखकर दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने गहरी नाराजगी जताई।

सचदेवा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने असल में यमुना को मार डाला है, इस पानी की ऐसी हालत है कि अगर कोई इसमें हाथ डाल दे तो बीमार पड़ जाएगा। छठ पूजा के दौरान उन लोगों का क्या होगा जो इस पानी में डुबकी लगाएंगे? अरविंद केजरीवाल के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज होना चाहिए।

वहीं, भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा, ”छठ पूजा से पहले हमने यमुना घाट का निरीक्षण किया, महिलाएं इस पानी में स्नान करती हैं और अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी ने इस पानी को जहरीला बना दिया है। यह बहुत बड़ा अपराध है, हम इसे ऊपर तक लेकर जाएंगे। अधिकारियों और सुप्रीम कोर्ट से भी छठ पूजा से पहले इस पर संज्ञान लेने का अनुरोध करेंगे।

बता दें कि, कई बार, दिल्ली में नदी की सतह पर तैरते जहरीले झाग के दृश्य भी सोशल मीडिया पर छाए रहते हैं। माना जाता है कि फैक्ट्रियों, रंगाई उद्योगों, धोबी घाटों और घरों में इस्तेमाल होने वाले डिटर्जेंट के कारण अपशिष्ट जल में फॉस्फेट की मात्रा अधिक हो जाती है, जो यमुना में जहरीले झाग के बनने का प्राथमिक कारण है। हालांकि, दिल्ली सरकार कहती रही है कि हरियाणा की फैक्ट्रियों से निकलने वाले पानी से भी यमुना नदी में अमोनिया का लेवल बढ़ जाता है।