दिल्ली पुलिस का बड़ा खुलासा, OPPO-OnePlus के नकली प्रोडक्ट बनाकर बाजार में बेच रहे थे आरोपी

दिल्ली पुलिस के क्राइम ब्रांच ने तलाशी और जब्ती अभियान के तहत दो नकली प्रोडक्ट बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने पाया है कि ओप्पो, वनप्लस और रियलमी ब्रांड की कॉपी करके बड़ी संख्या में नकली प्रोडक्ट बरामद किए हैं. ये जानकारी एएनआई ने X प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करके दी है. दिल्ली स्थित करोल बाग के रेगरपुरा में दो गोदामों को सील किया है, जहां इन फेक प्रोडक्ट की पैकेजिंग और ब्रांडिंग हो रही थी. दिल्ली के मोती नगर में भी एक फैक्टरी को सील किया है, जहां कंपनियों के प्रोडक्ट के पैकिंग बॉक्स बनाए जाते थे. पुलिस ने अवैध कारोबार में इस्तेमाल हो रही 8 मशीनों को भी जब्त कर लिया है. इन गोदामों में बड़े स्तर पर नकली सामान की पैकिंग असली ब्रांड जैसे दिखने वाले डब्बों में किया जा रहा है. नामी ब्रांड्स के नाम पर बाजार में बेचने के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

दिल्ली पुलिस की AGS यूनिट को एक्शन के दौरान एक प्रिंटिंग प्रेस और तीन गोदामों का पता चला. इन गोदामों में मशीनों की मदद से नकली प्रोडक्ट्स की पैकेजिंग और ब्रांडिंग तैयार होती थी. रियलमी.वनप्लस, ओप्पो, ये तीनों चाइनीज ब्रांड है और बीबीके इलेक्ट्रोनिक्स के तहत काम करते हैं. तीनों ही कंपनियां भारत में बड़े स्तर पर स्मार्टफोन, टैबलेट, इयरबड्स, पावरबैंक आदि को सेल करती हैं.