बंगाल में टीएमसी-कांग्रेस साथ फिर भी भाजपा आगे, नंदीग्राम-रेजीनगर में बढ़त

चार राज्यों की 6 सीटों पर उपचुनाव की काउंटिंग जारी है। रुझानों में बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर सीट पर भाजपा आगे है। तमिलनाडु की दोनों मदुरंतकम और धारापुरम सीटों पर सीएम विजय की पार्टी TVK बढ़त बनाए हुए है। वहीं, पुडुचेरी की थट्टनचावडी विधानसभा सीट पर NDA समर्थित AINRC के उम्मीदवार अशोक आनंद जीत गए हैं। असम की नगांव लोकसभा सीट पर भाजपा आगे चल रही है।

इन सीटों पर 6 अक्टूबर को मतदान हुआ था। सबसे ज्यादा चर्चा बंगाल की नंदीग्राम सीट की है। यहां TMC प्रत्याशी के नामांकन वापस लेने के बाद ममता बनर्जी ने कांग्रेस उम्मीदवार को समर्थन दिया था। इस उम्मीदवार को एक मामले में गिरफ्तार किया गया था, लेकिन चुनाव लड़ने के लिए जमानत मिल गई। अब इस सीट पर भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला है।

पुडुचेरी की थट्टनचावडी सीट पर NDA समर्थित AINRC के अशोक आनंद ने 13,358 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। कांग्रेस के ई. विनायगम को 4,876 वोट मिले और वह दूसरे स्थान पर रहे।

थट्टांचावडी सीट ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस यानी AINRC के संस्थापक और मुख्यमंत्री एन रंगासामी के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। 9 अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में रंगासामी थट्टनचावडी और मंगलम सीट से जीते थे। उन्होंने थट्टनचावडी के विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद पार्टी ने यहां से अशोक आनंद को कैंडिडेट बनाया था। थट्टनचावडी में रंगासामी 1991 से लगातार जीतते रहे हैं।

असम के नगांव में तीसरे राउंड के बाद भाजपा के देवाशीष शर्मा 1.1 लाख से ज्यादा वोट हासिल कर चुके हैं। वह 57,000 वोटों से आगे चल रहे हैं। AIUDF प्रमुख बदरुद्दीन अजमल 52,000 वोटों के साथ दूसरे, जबकि कांग्रेस के शिवमणि बोरा 16,000 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर हैं।