वंदे भारत की चपेट में आने से उजड़ गया परिवार,पति-पत्नी और बच्चे की दर्दनाक मौत
झारखंड के पाकुड़ जिले में एक भीषण रेल हादसे की खबर सामने आई है। यहां वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक पुरुष, एक महिला और एक मासूम बच्चा शामिल है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएस) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) मामले की तफ्तीश में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह भीषण दुर्घटना पाकुड़ जिले के नगरनवी रेलवे स्टेशन के समीप डाउन लाइन पर घटित हुई। रात लगभग 7:10 बजे जब हाई-स्पीड वंदे भारत ट्रेन अपनी गति से गुजर रही थी, तभी तीनों इसकी चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही आरपीएफ प्रभारी संजय कुमार सिंह और जीआरपी की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंचे गए। उन्होंने तीनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भिजवा दिया।
हादसे की खबर जैसे ही आस-पास के इलाकों में फैली, घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। हालांकि, सुरक्षा की दृष्टि से रेलवे पुलिस ने लोगों को ट्रैक से दूर रखा। पुलिस के अनुसार, अभी तक मृतकों की स्पष्ट पहचान नहीं हो पाई है। शिनाख्त के लिए पुलिस आस-पास के गांवों के मुखिया और पंचायत प्रतिनिधियों से संपर्क साध रही है, ताकि परिजनों का पता लगाया जा सके। स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों का मानना है कि मृतक आपस में पति-पत्नी और उनका बच्चा थे। संभावना जताई जा रही है कि वे रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे, तभी अचानक आई तेज रफ्तार वंदे भारत ट्रेन का अंदाजा नहीं लगा पाए और उसकी चपेट में आ गए। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आरपीएफ प्रभारी ने बताया कि, ‘वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हुई है। फिलहाल शवों की पहचान की प्रक्रिया चल रही है। पोस्टमार्टम के बाद और शिनाख्त होने पर ही शवों को परिजनों को सौंपा जाएगा। हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि वे कहाँ के रहने वाले थे और किन परिस्थितियों में ट्रैक पर मौजूद थे।’
