CG NEWS : 8 साइबर थानों समेत 255 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 28 जनवरी को पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर से वर्चुअली जुड़कर विभिन्न जिलों में 8 नए साइबर थानों और 255 करोड़ रुपए की लागत से तैयार पुलिस आवासीय भवनों तथा थाना भवनों का लोकार्पण किया। सीएम साय ने कहा कि प्रजेंटेशन के माध्यम से हमने देखा कि साइबर थाना , एसडीओपी कार्यालय, चौकी भवन, ट्रांजिट हॉस्टल एवं आवासीय भवन अत्यंत सुंदर और सुविधाजनक बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं से पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सकारात्मक वातावरण में कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी। वे अपने कर्तव्यों का और अधिक प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकेंगे। डिप्टी सीएम एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि प्रदेश में साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अनेक स्थानों पर साइबर पुलिस थानों की शुरुआत की जा रही है। जशपुर, रायगढ़ और राजनांदगांव जिले सहित 8 नए साइबर थानों का शुभारंभ किया गया है।