देवास में अवैध शराब से भरे ट्रक ने थाना प्रभारी को कुचला, चेकिंग के दौरान वारदात, ड्राइवर फरार
मध्य प्रदेश के देवास जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान एक थाना प्रभारी के मारे जाने की घटना सामने आई है. खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप कुमार पुरी रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे अवैध शराब की तस्करी की सूचना मिलने पर अपनी टीम के साथ इंदौर-बैतूल हाईवे पर चेकिंग करने पहुंचे थे. इसी दौरान अवैध शराब से भरे एक आयशर वाहन के चालक ने ट्रक आगे बढ़ा दिया, जिससे वाहन का पिछला पहिया टीआई के ऊपर चढ़ गया. गंभीर रूप से घायल थाना प्रभारी को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी.
जानकारी के मुताबिक, खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप कुमार पुरी को इलाके में अवैध शराब की तस्करी की सूचना मिली थी. इसके बाद वह पुलिस टीम के साथ इंदौर-बैतूल हाईवे पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे. इसी दौरान उन्होंने एक आयशर वाहन को रुकवाया और उसके चालक को नीचे उतरने के लिए कहा.
बताया जा रहा है कि थाना प्रभारी के चालक को नीचे उतरने के लिए कहने के दौरान ही ड्राइवर ने वाहन को डिवाइडर पर चढ़ाकर आगे बढ़ाने की कोशिश की. इसी दौरान वाहन का पिछला पहिया टीआई दिलीप कुमार पुरी के ऊपर से गुजर गया. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के तुरंत बाद पुलिसकर्मी उन्हें गंभीर हालत में खातेगांव के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे. वहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने के लिए काफी देर तक सीपीआर दिया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका.
हादसे के बाद आयशर वाहन का चालक मौके से फरार हो गया. बताया जा रहा है कि आरोपी चालक ने वाहन को संदलपुर में छोड़ दिया और वहां से भाग निकला. पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही देवास के नवागत पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा सोमवार अलसुबह खातेगांव पहुंचे. थाना प्रभारी की मौत से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर है.
टीआई दिलीप कुमार पुरी के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है. इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को गृह क्षेत्र धार जिले के राजोद थाना अंतर्गत बरमंडल ले जाया जा रहा है, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. जानकारी के मुताबिक, दिलीप कुमार पुरी का परिवार फिलहाल इंदौर में रह रहा था. उनकी मौत से परिजनों और पुलिस विभाग में शोक का माहौल है.
