धनतेरस आज, इतने बजे से शुरू होगा खरीदारी का मुहूर्त

आज धनतेरस का पर्व मनाया जा रहा है भारत में दिवाली का महोत्सव की शुरुआत धनतेरस यानी धनत्रयोदशी से हो जाती है. इस दिन कुबेर देवता और माता लक्ष्मी की पूजा की जाती है. किंवदंती है कि इसी दिन देवी लक्ष्मी समुद्र मंथन से प्रकट हुई थीं और अपने साथ समृद्धि लेकर आई थीं और उनके साथ धन के देवता कुबेर भी आए थे. ऐसा कहा जाता है कि इस दिन जो भी खरीदते हैं, उसका लाभ पूरे साल जातक को प्राप्त होता है. इसलिए, लोग इस दिन सोना-चांदी और यहां तक कि वाहन भी खरीदते हैं.

कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि का आरंभ 18 अक्टूबर को दोपहर 12 बजकर 18 मिनट पर होगा और तिथि का समापन 19 अक्टूबर को दोपहर 1 बजकर 51 मिनट पर होगा. धनतेरस पर पहला मुहूर्त आज सुबह 8 बजकर 50 मिनट से लेकर सुबह 10 बजकर 33 मिनट तक रहेगा. उसके बाद दूसरा मुहूर्त आज सुबह 11 बजकर 43 मिनट से लेकर दोपहर 12 बजकर 28 मिनट तक रहेगा और तीसरा मुहूर्त आज शाम 7 बजकर 16 मिनट से रात 8 बडकर 20 मिनट तक रहेगा.

धनतेरस पर आज पूजन का मुहूर्त शाम 7 बजकर 16 मिनट से शुरू होकर रात 8 बजकर 20 मिनट तक रहेगा. इस शुभ मुहूर्त में आप मां लक्ष्मी, कुबेर देवता और भगवान धन्वंतरि की पूजा करें, जिनकी उपासना से आपको सुख-समृद्धि प्राप्त होगी.