‘पाकिस्तान की तरह भारत में तख्तापलट की साजिश रच रहे ध्रुव राठी…’ शिकायतकर्ता ने की पासपोर्ट जब्त करने की मांग

यूट्यूबर ध्रुव राठी के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। दिल्ली के वकील विवेक गर्ग ने पुलिस कमिश्नर, नॉर्थ जिले के डीसीपी और रूप नगर थाने में यह शिकायत दी है। आरोप है कि ध्रुव राठी ने एक इंटरव्यू में भारतीय सेना और पुलिस को सरकार के खिलाफ बगावत करने के लिए भड़काया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि ध्रुव राठी के बयान देश के खिलाफ युद्ध छेड़ने की साजिश जैसे हैं। उन्होंने शिकायत में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो का जिक्र किया है, जिसमें ध्रुव राठी कथित तौर पर ऐसी बातें कहते दिख रहे हैं।

शिकायत में मांग की गई है कि ध्रुव राठी के पैसे के स्रोतों और उनके संपर्कों की जांच की जाए और उनका पासपोर्ट जब्त किया जाए। साथ ही भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच की जाए। शिकायतकर्ता विवेक गर्ग ने कहा, “ध्रुव राठी हमेशा देश के खिलाफ जहर उगलते हैं और विदेशी ताकतों के साथ मिलकर साजिश रचते हैं। खुद को यूट्यूबर कहते हैं। दो दिन पहले एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि सेना, पुलिस और कलाकार विद्रोह करें और सरकार को उखाड़ फेंके।”

उन्होंने आगे कहा, “यह देशद्रोह और देश के खिलाफ युद्ध की साजिश है। यह BNS और IPC के तहत गंभीर अपराध है, जिसमें उम्रकैद तक की सजा हो सकती है। मैंने मांग की है कि तुरंत FIR दर्ज कर ध्रुव राठी को गिरफ्तार किया जाए, उनका पासपोर्ट जब्त हो और उनके पैसों के लेन-देन और कॉल डिटेल्स की जांच हो।” उनका आरोप है कि ध्रुव राठी और उनका गैंग पाकिस्तान की तरह भारत में भी सेना से तख्तापलट और सिविल वॉर कराने की साजिश रच रहा है।

गौरतलब है कि 10 अक्टूबर को ध्रुव राठी मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और वोटर लिस्ट SIR के विरोध में CJP द्वारा जंतर-मंतर पर बुलाए गए प्रदर्शन में शामिल हुए थे। इससे पहले वह 8 अक्टूबर को बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में CJP के प्रदर्शन में नजर आए थे। दिल्ली पुलिस ने उन्हें 10 अक्टूबर सुबह गुरुग्राम के सेक्टर 56 स्थित एक फ्लैट से हिरासत में लिया था।