धुरंधर भारत में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म, अब तक इंडियन बॉक्स ऑफिस पर ₹831.40 करोड़ कमाए
फिल्म धुरंधर रिलीज के 32वें दिन भारत में सबसे अधिक कमाई करने का रिकॉर्ड बनाने वाली हिंदी फिल्म बन गई है। फिल्म अब तक इंडियन बॉक्स ऑफिस पर 831.40 करोड़ रुपए का कलेक्शन कर चुकी है। 6 जनवरी को धुरंधर ने भारत में 5.70 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। वहीं, फिल्म वर्ल्डवाइड 1253.83 करोड़ रुपए का कलेक्शन कर चुकी है। इसके साथ ही रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर ने अल्लू अर्जुन की पुष्पा 2 को पीछे छोड़ दिया है। पुष्पा-2 ने हिंदी भाषा में भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 821 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था।
जियो स्टूडियो की तरफ से फिल्म की इस उपलब्धि पर एक पोस्ट शेयर किया गया है, जिसमें कैप्शन में लिखा गया- ‘थैंक्यू इंडिया। आपने धुरंधर को नंबर 1 फिल्म का ताज पहनाया है। धुरंधर भारत की अब तक की सबसे बड़ी हिंदी फिल्म बन गई है।’
धुरंधर की सफलता पर आदित्य चोपड़ा के प्रोडक्शन हाउस यश राज फिल्म्स ने आदित्य धर और उनकी टीम को भारतीय सिनेमा के लिए नया बेंचमार्क सेट करने पर बधाई दी है। यशराज की तरफ से लिखा गया- ‘धुरंधर सिर्फ एक फिल्म नहीं है… यह भारतीय सिनेमा के इतिहास में एक मील का पत्थर है, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा। आदित्य धर और जियो स्टूडियोज को बधाई, जिन्होंने अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म (एक भाषा में) बनने का गौरव हासिल किया है।
एक डायरेक्टर के रूप में, आदित्य धर के उद्देश्य की स्पष्टता, निडर कहानी कहने की शैली और उत्कृष्टता के प्रति अटूट कमिटमेंट ने इंडियन सिनेमा के लिए एक नया बेंचमार्क सेट किया है। हम इस शानदार फिल्म के सभी स्टारकास्ट, टेक्नीशियन को भी उनके पूरे योगदान के लिए बधाई देते हैं।
आप ही वो धुरंधर हैं जिन्होंने फिल्म के विचार को बड़े पर्दे पर इतनी भव्यता और प्रभावशाली ढंग से साकार किया। हमें ऐसी फिल्में देने के लिए धन्यवाद जो हमें क्रिएटिव एक्सीलेंस की खोज में आगे बढ़ने के लिए इंस्पायर करती हैं।’ वहीं, पिछले वीक, धुरंधर ने पठान को पीछे छोड़ते हुए नॉर्थ अमेरिका में सबसे अधिक कमाई करने वाली बॉलीवुड फिल्म का खिताब हासिल किया। सैकनिल्क के अनुसार, चौथे मंगलवार के आखिर में फिल्म ने नॉर्थ अमेरिका में 17.50 मिलियन डॉलर का आंकड़ा पार कर लिया है।
इससे पहले यहां शाहरुख खान की पठान ने 17.49 मिलियन डॉलर का कलेक्शन किया था। इसके साथ ही धुरंधर उत्तरी अमेरिका में सबसे अधिक कमाई करने वाली बॉलीवुड फिल्म बन गई है।
