‘धुरंधर 2’ लगाएगी साउथ के किले में पहली सेंध, बॉलीवुड को मिलेगी 200 करोड़ की पहली ओपनिंग!

‘धुरंधर 2’ का तूफान बस कुछ ही घंटे में रिकॉर्ड्स तबाह करने के लिए तैयार है. पिछले साल दिसंबर में पहला पार्ट देखने के बाद से ही जनता, ‘धुरंधर 2’ के लिए 19 मार्च 2026 पर आंखें गड़ाए बैठी थी. मगर 18 मार्च के लिए पेड प्रीव्यू अनाउंस करके मेकर्स ने वक्त-हालात-जज्बात ही बदल दिए. प्रीव्यू शोज स्टार्ट होने से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर आने वाली सुनामी की आहट आने लगी है. ‘धुरंधर 2’ ओपनिंग के लगभग हर बड़े रिकॉर्ड को चैलेंज करने की तैयारी में है. रणवीर सिंह की फिल्म बॉलीवुड को पहली बार बॉक्स ऑफिस के उस किले में एंट्री दिलाने जा रही है, जो साउथ, खासकर तेलुगु इंडस्ट्री का खड़ा किया हुआ है. ‘धुरंधर 2’ इस किले में सेंध लगाने जा रही है, ये इशारा फिल्म की एडवांस बुकिंग से ही मिल रहा है.

ट्रेलर आते ही पहले 18 मार्च को आने ‘धुरंधर 2’ के प्रीव्यू शोज की एडवांस बुकिंग शुरू हुई थी. 19 मार्च से रिलीज के लिए बुकिंग कुछ दिन पहले ही खुली है. विदेशों में बिना ट्रेलर ही एडवांस बुकिंग ओपन हो चुकी थी, इसके बावजूद दर्शकों का रिस्पॉन्स धमाकेदार रहा है. ये रिपोर्ट लिखे जाने तक सैकनिल्क के अनुसार, बुधवार के प्रीव्यू शोज के लिए ही ऑलमोस्ट 10 लाख टिकट बुक हो चुके हैं. इस बुकिंग से ‘धुरंधर 2’ ने करीब 43 करोड़ रुपये का एडवांस ग्रॉस कलेक्शन किया है, जो ब्लॉक सीट्स के साथ 48 करोड़ हो जाता है.

19 तारीख को फर्स्ट डे के लिए ‘धुरंधर 2’ के करीब 7 लाख से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं. इससे 30 करोड़ एडवांस ग्रॉस कलेक्शन हुआ है, जो ब्लॉक सीट्स जोड़ने पर करीब 40 करोड़ हो जाता है. सोमवार को बॉक्स ऑफिस ट्रैकर निशित शॉ ने अपडेट दिया था कि ओवरसीज मार्केट यानी विदेशों में एडवांस बुकिंग से ‘धुरंधर 2’ ने 7.5 मिलियन डॉलर से ज्यादा एडवांस ग्रॉस कलेक्शन किया है. ये रिपोर्ट लिखे जाने तक ये आंकड़ा 8 मिलियन डॉलर से ठीकठाक ज्यादा होने का अनुमान है, जो भारतीय करेंसी में करीब 75 करोड़ रुपये होता है.

फिल्मों के ओपनिंग डे कलेक्शन में पेड प्रीव्यू के साथ फर्स्ट डे कलेक्शन जोड़ा जाता है. कुल मिलाकर ‘धुरंधर 2’ के लिए वर्ल्डवाइड करीब 160 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग हो चुकी है. ये साफ इशारा है कि ‘धुरंधर 2’ पहले दिन कम से कम 200 करोड़ से ज्यादा वर्ल्डवाइड कलेक्शन करने के लिए रेडी है.