धुरंधर 2 की कमाई भारत में 1000 करोड़ पार, 18 दिन में 1622 करोड़ के पार पहुंचा टोटल कलेक्शन
आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ भारत में सबसे तेजी से 1000 करोड़ रुपए का नेट कलेक्शन करने वाली फिल्म बन गई है। फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन अब 1622 करोड़ रुपए के पार पहुंच गया है। तीसरे वीकेंड में भी फिल्म की कमाई की रफ्तार कम नहीं हुई है। रिलीज के 16वें दिन (शुक्रवार) को फिल्म ने 23 करोड़, 17वें दिन (शनिवार) को 27 करोड़ और 18वें दिन (रविवार) को 30 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। इस तरह तीसरे वीकेंड पर फिल्म ने कुल 80 करोड़ रुपए की कमाई की। भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन अब 1041 करोड़ रुपए और ग्रॉस कलेक्शन 1228 करोड़ रुपए हो चुका है। ‘धुरंधर 2’ न केवल भारत में बल्कि विदेशों में भी नए बेंचमार्क सेट कर रही है। फिल्म ने ओवरसीज मार्केट में अब तक 394 करोड़ रुपए का कलेक्शन कर लिया है। यह नॉर्थ अमेरिका में 25 मिलियन डॉलर का आंकड़ा पार करने वाली पहली भारतीय फिल्म बन गई है।
इसके अलावा जर्मनी में भी इसने 1 मिलियन यूरो से ज्यादा की कमाई कर एक नया रिकॉर्ड बनाया है। फिल्म ने नॉर्थ अमेरिका में अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म का खिताब भी अपने नाम कर लिया है। इस फिल्म की कामयाबी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसने ‘धुरंधर’ के पहले पार्ट के ओवरसीज लाइफटाइम कलेक्शन को महज 10 दिनों में ही पीछे छोड़ दिया था। यह सबसे तेजी से 1000 करोड़ रुपए (वर्ल्डवाइड) कमाने वाली फिल्म बन गई है।
फिल्म ने भारत में 100 करोड़ से लेकर 1000 करोड़ तक के सभी माइलस्टोन सबसे कम समय में हासिल किए हैं। साथ ही, यह अब तक की सबसे बड़ी हिंदी ओपनर और वर्ल्डवाइड सबसे बड़ा ओपनिंग वीकेंड देने वाली फिल्म भी बन चुकी है।
फिल्म के नाम दर्ज हुए ये बड़े रिकॉर्ड्स
भारत में 1000 करोड़ नेट कलेक्शन करने वाली पहली फिल्म।
नॉर्थ अमेरिका में 25 मिलियन डॉलर कमाने वाली पहली भारतीय फिल्म।
सबसे तेजी से 1000 करोड़ का ग्लोबल आंकड़ा पार करने वाली फिल्म।
जर्मनी में 1 मिलियन यूरो का आंकड़ा छूने वाली पहली भारतीय फिल्म।
ऑल टाइम सबसे बड़ी भारतीय ब्लॉकबस्टर।
‘धुरंधर: द रिवेंज’ का पहला पार्ट पिछले साल दिसंबर में रिलीज हुआ था, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया था। 19 मार्च को रिलीज हुए इसके सीक्वल ने उम्मीदों से कहीं ज्यादा प्रदर्शन किया है। फिल्म की कहानी, एक्शन और मेकिंग की तुलना ग्लोबल सिनेमा से की जा रही है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि फिल्म की लंबी दौड़ अभी जारी रहेगी क्योंकि फिलहाल कोई बड़ी फिल्म इसे टक्कर देने के लिए मैदान में नहीं है।
