धुरंधर 2 ने 3 हफ्तों में रचा इतिहास! पहली बार सिर्फ एक भाषा में किसी फिल्म ने कमाए 1000 करोड़
रणवीर सिंह की धुरंधर 2 ने अपनी कामयाबी की किताब में एक और नया पन्ना जोड़ लिया है. हिंदी सिनेमा के इतिहास में इस फिल्म ने वो रिकॉर्ड बना दिया है, जो किसी भी रीजनल लैंग्वेज के सिनेमा के पास नहीं है. बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ तीन हफ्तों के रन के बाद धुरंधर 2 ने सिर्फ हिंदी वर्जन से 1000 करोड़ का नेट कलेक्शन कर लिया है. और किसी भी फिल्म ने सिर्फ एक भाषा में 1000 करोड़ नहीं कमाए हैं. तीसरे हफ्ते में धुरंधर 2 ने एक बार फिर से दमदार कमाई की है. अब ये पुष्पा 2 का एक और टॉप रिकॉर्ड तोड़ने जा रही है.
तीसरा हफ्ता धुरंधर 2 की रफ्तार में पहला बड़ा स्पीड ब्रेकर बना. वीकेंड में ही 75 करोड़ से ज्यादा कलेक्शन करने के बाद, वर्किंग डेज में फिल्म स्लो पड़ने लगी. सोमवार से इसका कलेक्शन पहली बार 10 करोड़ की रेंज में पहुंचा और तीसरा हफ्ता खत्म होने तक ये 7 करोड़ तक आ चुका है. सैकनिल्क का डेटा बताता है कि गुरुवार को धुरंधर 2 ने करीब 7.15 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है. तीसरे हफ्ते में धुरंधर 2 ने कुल 110 करोड़ रुपये कमाए हैं. इसने तीसरे हफ्ते में 107 करोड़ के करीब कलेक्शन करने वाली पुष्पा 2 को तो पीछे छोड़ दिया है. लेकिन अपने ही पहले पार्ट का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाई है. दिसंबर में आई धुरंधर ने तीसरे हफ्ते में 189 करोड़ नेट कलेक्शन किया था.
बॉक्स ऑफिस ट्रैकिंग से मिले आंकड़ों और मेकर्स के बताए ऑफिशियल आंकड़ों में थोड़ा सा फर्क रहता है. संडे को धुरंधर 2 ने ऑफिशियल आंकड़ों के अनुसार करीब 974 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया था. ट्रैकिंग के आंकड़ों में सोमवार से गुरुवार तक धुरंधर 2 ने 33 करोड़ से ज्यादा नेट कलेक्शन कर लिया है.
ऑफिशियल आंकड़ों में इन 4 दिनों का कलेक्शन 33 करोड़ से ज्यादा ही होगा. यानी ऑफिशियल आंकड़ों में धुरंधर 2 हिंदी में 1000 करोड़ का लैंडमार्क पार कर चुकी है. धुरंधर 2 इस जगह पहुंचने वाली एकमात्र हिंदी फिल्म है. हिंदी के अलावा किसी भी भाषा में, कभी किसी एक फिल्म ने 1000 करोड़ का आंकड़ा नहीं पार किया है. 2017 में साउथ से आई बाहुबली 2 ने हिंदी में पहली बार 500 करोड़ नेट कलेक्शन किया था.
