मुंबई कॉन्सर्ट में ड्रग ओवरडोज से 2 की मौत, दोनों MBA स्टूडेंट, पुलिस बोली- पता नहीं कौन सा नशा किया था..
मुंबई के गोरेगांव में एक इवेंट में ड्रग के ओवरडोज से 2 लोगों की मौत हो गई। घटना नेस्को सेंटर की है, जहां 11 अप्रैल की रात एक म्यूजिक कॉन्सर्ट था। मरने वाले युवक और युवती MBA स्टूडेंट्स हैं। अभी यह साफ नहीं हो सका है कि मरने वालों ने कौन सा नशीला पदार्थ लिया था। मुंबई के वनराई पुलिस स्टेशन में इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। अब तक इस मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से एक व्यक्ति इस इवेंट से जुड़ा हुआ है। पुलिस का दावा है कि मरने वालों को ड्रग्स देने वाला व्यक्ति भी स्टूडेंट है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी से छह से सात गोलियां बरामद की गई हैं।
घटना 11 अप्रैल की है। गोरेगांव के नेस्को सेंटर में म्यूजिक कॉन्सर्ट था। इसके इवेंट के लिए लगभग 4,000 लोग जमा हुए थे। जिन्होंने 2000 रुपए एंट्री फीस दी थी। इसमें कुछ लोगों ने नशीली दवाए ली थी। पुलिस सूत्रों का कहना है कि उन्होंने प्रतिबंधित दवा MDMA ली थी। इसके बाद रात 12 बजे 3 लोगों ने सांस लेने में तकलीफ की शिकायत की। उन्हें पास के अस्पताल ले जाया गया। जहां 2 की मौत हो गई और एक गंभीर है।
एक छात्र ने इवेंट में पहुंचने से पहले टैक्सी में एक गोली ली थी, जबकी बाद में कार्यक्रम के दौरान दूसरी गोली लेने से ओवरडोज हो गया। नेस्को सेंटर ने कहा कि वह जांच में पूरी तरह सहयोग कर रहा है। प्रवक्ता ने बताया कि हम इस मामले की गंभीरता को समझते हैं। अधिकारियों को हर संभव जानकारी और सहायता दे रहे हैं, ताकि सच्चाई जल्द सामने आ सके।
