दिग्विजय सिंह की सोशल मीडिया पोस्ट से गरमाई सियासत.. PM मोदी की पुरानी फोटो शेयर कर BJP-RSS की कर दी तारीफ

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने CWC बैठक शुरू होने से ठीक पहले सोशल मीडिया पर एक ऐसा पोस्ट किया है, जिसने राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज कर दी है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पुरानी तस्वीर साझा की है, जिसमें मोदी लालकृष्ण आडवाणी के पैरों के पास बैठे नजर आते हैं. दिग्विजय सिंह ने तस्वीर के साथ लिखा, ‘RSS का जमीनी स्वयंसेवक और बीजेपी का जमीनी कार्यकर्ता नीचे बैठकर सीएम और पीएम बना… यह संगठन की शक्ति है.’

इस पोस्ट ने बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है. क्या दिग्विजय सिंह ये कहकर कांग्रेस नेतृत्व को अप्रत्यक्ष रूप से नसीहत दे रहे हैं? क्या यह कांग्रेस संगठन में ज़मीनी स्तर पर काम करने वाले कैडर की कमी पर कटाक्ष है? यह सवाल कांग्रेस के भीतर और बाहर तेजी से उठ रहा है.दिग्विजय सिंह ने अपनी पोस्ट में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे के साथ नरेंद्र मोदी को भी टैग किया है, जिससे राजनीतिक पारा और चढ़ गया है.

इस पोस्ट की सबसे अहम बात यह है कि दिग्विजय सिंह यह पोस्ट तब कर रहे हैं, जब CWC की बैठक चल रही है और वे खुद भी बैठक में मौजूद हैं. यह समय और संदेश दोनों ही इस पोस्ट को राजनीतिक रूप से और भी महत्वपूर्ण बना देते हैं.

एक हफ्ते पहले 19 दिसंबर को दिग्विजय सिंह ने एक पोस्ट किया था जिसमें उन्होंने राहुल गांधी को सीधा संदेश देते हुए कहा था कि कांग्रेस पर ध्यान दीजिए. हमें व्यावहारिक विकेंद्रीकरण कार्यशैली की जरूरत है. मुझे उम्मीद है आप ऐसा करेंगे लेकिन समय यह है कि आपको समझना आसान नहीं है. एक्स पर पोस्ट करते हुए दिग्विजय ने लिखा, ‘राहुल जी, सामाजिक-आर्थिक मुद्दों पर आपकी राय बिल्कुल सटीक है. लेकिन अब कृपया कांग्रेस पर भी ध्यान दें. चुनाव आयोग की तरह, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को भी सुधारों की आवश्यकता है.’

दिग्विजय ने आगे कहा, ‘आपने ‘संघटन’ से शुरुआत की है, लेकिन हमें अधिक व्यावहारिक विकेंद्रीकृत कार्यप्रणाली की आवश्यकता है. मुझे पूरा विश्वास है कि आप ऐसा करेंगे क्योंकि मुझे पता है कि आप ऐसा कर सकते हैं. समस्या सिर्फ इतनी है कि आपको मनाना आसान नहीं है. जय सिया राम.’