‘धुरंधर 2’ के कायल हुए डायरेक्टर्स, बोले- आख‍िरी सीन तक सीट से च‍िपके रहे

रणवीर सिंह की ‘धुरंधर: द रिवेंज’ अब सिनेमाघरों में आग उगल रही है. फिल्म देखने के लिए थिएटर्स के बाहर अच्छी खासी भीड़ जमा हो चुकी है. आदित्य धर ने अपनी फिल्ममेकिंग से लोगों को दीवाना बना दिया है. हर कोई उनकी फिल्म को थिएटर में देखने के लिए दौड़ लगा रहा है, जो बेहद कम बार देखा जाता है. सिर्फ आम जनता ही नहीं, आदित्य धर की ‘धुरंधर 2’ का फैन पूरी इंडियन फिल्म इंडस्ट्री भी होती हुई दिखी है. नॉर्थ टू साउथ हर जगह फिल्म अपना डंका बजा रही है. ‘धुरंधर 2’ की तारीफ एस.एस.राजामौली से लेकर बॉलीवुड के दिग्गज फिल्ममेकर राकेश रोशन ने भी की है. उन्होंने आदित्य की फिल्म को लेकर कई बड़ी बातें लिखी हैं.

एस.एस.राजामौली ने इंस्टाग्राम पर स्टोरी शेयर करके ‘धुरंधर 2’ को इसके पार्ट 1 से कई गुना बेहतर बताया है. उन्हें फिल्म में हर चीज बेहद पसंद आई है. राजामौली लिखते हैं, ‘मुझे धुरंधर-1 बहुत पसंद आई थी. लेकिन ये रिवेंज पार्ट ने तो ओरिजिनल को भी हर चीज में पीछे छोड़ दिया. राइटिंग, कास्टिंग, टेक्निकल चीजें, म्यूजिक, वर्ल्ड बिल्डिंग और डायरेक्शन — सब कुछ एकदम परफेक्ट है. लेकिन सबसे ज्यादा जो चीज इसे जमीन पर टिकाए रखती है, वो है इमोशनल दांव. राइटर ने ऐसे ट्विस्ट डाले हैं जो सच में टेंशन पैदा करते हैं और वो टेंशन इमोशन से भरे हुई थे.’

राजामौली ने आगे डायरेक्टर और एक्टर्स की तारीफ में लिखा, ‘आदित्य धर, आपने कमाल कर दिया. 4 घंटे की फिल्म बनाकर उसे रिलीज करने के लिए हिम्मत चाहिए. ऑडियंस भी आखिरी फ्रेम तक अपनी सीट से चिपकी बैठी रही. रणवीर सिंह, क्या कमाल का परफॉर्मेंस दिया है… वो सीन जिसमें बहन एक शेड में बंद है, वो तो एक्टिंग का मास्टरक्लास है. शुरू से लेकर वो दिल तोड़ देने वाले क्लाइमैक्स तक, आपने हमें हमजा और जसकीरत दोनों के रूप में इंप्रेस कर दिया. आर माधवन सर, आपने एक मुल्क की बेबसी और गुस्से को इतने अच्छे से कैरी किया कि हमारी सफलता आपकी सफलता जैसी लगी.’

ऋतिक रोशन के पिता और फिल्ममेकर राकेश रोशन ने भी बीते दिन ‘धुरंधर 2’ देखी. इंस्टाग्राम पर उन्होंने आदित्य धर की फोटो शेयर करके फिल्म का रिव्यू किया. राकेश रोशन ने इसे इंडस्ट्री के लिए खतरा नहीं, बल्कि एक हेल्थी और नए बदलाव की शुरुआत बताया. डायरेक्टर ने लिखा, ‘मैंने आदित्य धर की ऐतिहासिक धुरंधर देखी, और ये हम सभी फिल्ममेकर्स को सिनेमा की दुनिया को नए सिरे से संवारने की याद दिलाती है.’

‘आदित्य ने जिस विजन, जुनून और साहस के साथ धुरंधर बनाई है, उससे उन्होंने फिल्ममेकिंग में एक नए युग की शुरुआत की है. इसे खतरा नहीं, बल्कि कहानी कहने और एंटरटेनमेंट की दुनिया में एक हेल्थी और बेहद जरूरी क्रांति के रूप में देखा जाना चाहिए. वो समय आ गया था, और आदित्य धर ने उम्मीद से कहीं बढ़कर प्रदर्शन किया है.’

रजनीकांत की ‘रोबोट’ फिल्म बनाने वाले तमिल डायरेक्टर शंकर ने भी आदित्य धर की फिल्ममेकिंग स्टाइल को सराहा. उन्होंने X पर ‘धुरंधर 2’ का डीटेल्ड रिव्यू किया, जिसमें वो बताते हैं कि वो फिल्म की कहानी में पूरी तरह घुस चुके थे. उनके मुताबिक, जो वर्ल्ड बिल्डिंग आदित्य धर ने अपनी फिल्म में की, वो शानदार थी.