रतनपुर महामाया मंदिर की दुकानों का विवाद, कथित हिंदूवादी संगठनों पर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का आरोप

बिलासपुर जिले के रतनपुर में मंदिर परिसर की दुकानों को लेकर चल रहा विवाद अब राजनीतिक रंग लेने लगा है। कथित हिंदूवादी संगठन के विरोध के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधि आमने-सामने आ गए हैं। जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया है कि कथित हिंदूवादी संगठन लोगों को भ्रमित कर रहे हैं। साथ ही सामाजिक और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश का भी आरोप लगाया है। उन्होंने कलेक्टर से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। दरअसल, बीते दिनों रतनपुर स्थित महामाया मंदिर परिसर की दुकानों को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान मारपीट भी हुई थी। हिंदूवादी संगठनों ने दुकानों के आवंटन पर सवाल उठाए थे। इसके बाद मंदिर ट्रस्ट समिति ने चार दुकानदारों को नोटिस जारी किया था।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि कथित हिंदूवादी संगठन और बाहरी लोग इस मुद्दे को लेकर अब सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। शिकायत के अनुसार, 22 अगस्त को मां महामाया मंदिर परिसर की एक दुकान को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद पुलिस कार्रवाई हुई और मंदिर ट्रस्ट ने दुकानदारों को नोटिस जारी किए। बाद में सर्व हिंदू समाज के नाम से आंदोलन शुरू हुआ।

शुरुआत में तीन मांगें रखी गई थीं, जो बढ़कर 14 सूत्रीय मांगों तक पहुंच गईं। इनमें दुकान, ट्रस्ट की व्यवस्था, टेंडर, मंदिर की जमीन, रोजगार, पार्किंग और वीआईपी दर्शन समेत कई मुद्दे शामिल हैं। नगरवासियों ने शिकायत में आरोप लगाया है कि आंदोलन में बाहरी लोगों की सक्रियता और कुछ संगठनों से जुड़े लोगों की गतिविधियों से सामाजिक माहौल प्रभावित होने की आशंका है। शिकायत में कथित नारेबाजी का भी जिक्र किया गया है। नगरवासियों ने पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।

स्थानीय निवासी नीरज जायसवाल ने कहा कि कथित हिंदूवादी संगठनों ने तीन चरणों में आंदोलन किया। इस दौरान नगर का सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की गई। अब इन संगठनों ने महाधरना-प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।

सोशल मीडिया के जरिए लोगों को भ्रमित करने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने प्रशासन से कथित हिंदूवादी लोगों के इस आंदोलन को रोकने के लिए हस्तक्षेप करने की मांग की है।

इधर, कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि महामाया देवी मंदिर परिसर की दुकान और विरोध को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में लोगों ने शिकायत की है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। जांच के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।