डीआरआई की बड़ी कार्रवाई, हैदराबाद एयरपोर्ट पर 1.56 करोड़ की विदेशी मुद्रा जब्त

डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) ने हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लगभग 1.56 करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा जब्त की है। इसके साथ ही दो यात्रियों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी अधिकारियों ने शनिवार को दी। एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुख्ता जानकारी मिलने पर, डीआरआई की हैदराबाद जोनल यूनिट के अधिकारियों ने 22 अक्तूबर को हैदराबाद से कुआलालंपुर (मलेशिया) जाने वाले एक भारतीय पुरुष यात्री को रोका।

उसके केबिन बैगेज की तलाशी लेने पर उसमें से अमेरिकी डॉलर और मलेशियाई रिंगित जैसी विदेशी मुद्रा मिली, जिसकी कीमत लगभग 63.62 लाख रुपये है। विज्ञप्ति में बताया गया है कि यह रकम उसके ट्रॉली बैग में कपड़ों के बीच एक काले प्लास्टिक कवर में छिपाकर रखी गई थी।

पूछताछ के दौरान अधिकारियों को पता चला कि उसी फ्लाइट में एक महिला यात्री भी सफर कर रही थी, जिसका पीएनआर (पैसेंजर नेम रिकॉर्ड) अलग था। अधिकारियों ने उस महिला यात्री पर नजर रखी और बाद में उसे भी रोक लिया। उसके केबिन बैगेज की तलाशी लेने पर 97,600 अमेरिकी डॉलर मिले, जिनकी कीमत लगभग 91.94 लाख रुपये है। डीआरआई के अनुसार, यह रकम भी उसके ट्रॉली बैग में कपड़ों के बीच एक काले प्लास्टिक कवर में छिपाकर रखी गई थी।

एजेंसी ने बताया कि दोनों यात्री इस विदेशी मुद्रा को कानूनी तरीके से हासिल करने और ले जाने से जुड़े दस्तावेज पेश नहीं कर सके। विज्ञप्ति के अनुसार, लगभग 1.56 करोड़ रुपये की कुल विदेशी मुद्रा और उसे छिपाने के लिए इस्तेमाल किए गए ट्रॉली बैग को ‘कस्टम एक्ट, 1962’ के प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि दोनों यात्रियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की आगे की जांच चल रही है।