दृश्यम 3 ने ओपनिंग डे पर बनाए रिकॉर्ड, वर्ल्डवाइड कमाई हुई 95 करोड़
अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ ने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर 66.75 करोड़ रुपए कमाए। यह अजय देवगन के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग है। अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी यह फिल्म शुक्रवार, 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। फिल्म में अजय देवगन विजय सलगांवकर के रोल में लौटे हैं।
सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने भारत में 15,759 शोज से 66.75 करोड़ रुपए नेट कमाए। इसका ग्रॉस कलेक्शन 80.10 करोड़ रुपए से ज्यादा हो गया है। विदेशों में फिल्म ने 15 करोड़ रुपए कमाए। इससे इसकी कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कमाई 95.10 करोड़ रुपए हो गई है।
‘दृश्यम 3’ इस साल किसी हिंदी फिल्म की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग वाली फिल्म बन गई है। यह सिर्फ ‘धुरंधर द रिवेंज’ से पीछे है।
यह बॉलीवुड इतिहास की तीसरी सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्म भी बन गई है। इससे आगे सिर्फ ‘धुरंधर 2’ और ‘जवान’ हैं।
फिल्म ने रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ की 30 करोड़ रुपए की ओपनिंग को पीछे छोड़ा। इसने शाहरुख खान की ‘पठान’ की 57 करोड़ रुपए और रणबीर कपूर की ‘एनिमल’ की 63 करोड़ रुपए की ओपनिंग भी पार कर ली।
वर्ल्डवाइड कलेक्शन में फिल्म ने ‘कल्कि’ की 95 करोड़ रुपए और ‘सालार’ की 91 करोड़ रुपए की कमाई को पीछे छोड़ दिया है।
फिल्म रिलीज से पहले ही एडवांस बुकिंग में जबरदस्त डिमांड देखी गई थी। बुकिंग शुरू होने के सात दिनों में फिल्म ने भारत में 60.17 करोड़ रुपए ग्रॉस कमाए। इसमें ब्लॉक की गई सीटों की कमाई भी शामिल है। ब्लॉक सीटों को हटाकर एडवांस ग्रॉस कलेक्शन 49.29 करोड़ रुपए रहा। फिल्म ने 51,570 शोज में करीब 18.02 लाख टिकट बेचे।
अजय देवगन के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग फिल्मों में दृश्यम 3: द कन्क्लूजन ने नया रिकॉर्ड बनाया है। फिल्म ने पहले दिन ₹66.75 करोड़ कमाई के साथ अजय देवगन की अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग दर्ज की। इससे पहले यह रिकॉर्ड सिंघम अगेन के नाम था, जिसने पहले दिन ₹43.50 करोड़ कमाए थे।
शुक्रवार को ओपनिंग डे पर हुई कमाई के बाद वीकेंड में फिल्म की कमाई में उछाल आने के अनुमान हैं। ये फिल्म अजय देवगन की कई हाईएस्ट ग्रॉसिंग फिल्मों का भी रिकॉर्ड तोड़ सकती है। फिलहाल उनकी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म तान्हाजीः द अनसंग वॉरियर है, जिने कुल 361 करोड़ कमाए थे।
फिल्म ‘दृश्यम 3: द कंक्लुजन’ में अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म में उनके साथ तबु, श्रिया सरन, इशिता दत्ता, मृणाल जाधव, रजत कपूर और प्रकाश राज अपनी पुरानी भूमिकाओं में लौट रहे हैं।
इस पार्ट में जयदीप अहलावत की भी एंट्री हुई है। यह फ्रेंचाइजी अपनी सस्पेंस थ्रिलर कहानी के लिए जानी जाती है, जिसके पहले दोनों पार्ट बॉक्स ऑफिस पर सफल रहे थे।
