दुर्ग : कमरे में मिली परिवार के 4 लोगों की लाश, 2 बच्चों का शव बिस्तर पर मिला

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शुक्रवार को एक मकान से दंपती और उनके दो बच्चों की लाश संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि दंपती ने पहले अपने दोनों बच्चों की हत्या की। इसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके से सुसाइड नोट भी बरामद किया गया है, जिसमें परिवारिक विवाद का जिक्र किया गया है। घटना मोहन नगर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक गोविंद साहू (45) और चंचल साहू (40) की लाश कमरे में फांसी के फंदे पर लटके मिली, जबकि बेटी दृष्टि साहू (13) और बेटे यशांत साहू (11) की लाश बिस्तर में मिली। पुलिस ने सभी शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए दुर्ग जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

शुरुआती पूछताछ और आसपास के लोगों से मिली जानकारी में परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात सामने आई है। आशंका जताई जा रही है कि आर्थिक तंगी और पारिवारिक तनाव के चलते दंपती ने यह आत्मघाती कदम उठाया होगा। हालांकि, पुलिस ने आत्महत्या के पीछे की वजहों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस घर से मिले साक्ष्यों और मोबाइल कॉल डिटेल की जांच कर रही है। साथ ही परिजनों और पड़ोसियों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

इस पूरे मामले में मोहन नगर थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।