दुर्ग के युवराज की दिल्ली में बिल्डिंग गिरने से मौत
दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को बिल्डिंग गिरने से छत्तीसगढ़ के दुर्ग के छात्र युवराज (20) की मौत हो गई। वो दिल्ली विश्वविद्यालय के मोतीलाल नेहरू कॉलेज में B.com सेकंड ईयर की छात्र था। सत्य निकेतन स्थित बॉयज पीजी में रहता था। हादसे की सूचना मिलते ही दुर्ग से उसका परिवार दिल्ली रवाना हो गया है।
दरअसल, 6 सितंबर को दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में 5 मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। इस हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 12 लोगों को बचाया गया है। रेस्क्यू डॉग और कैमरे के सहायता से लापता लोगों की तलाश की जा रही है।
युवराज मूलरूप से दुर्ग का रहने वाला था। वह पढ़ाई के सिलसिले में दिल्ली में रह रहा था। उसके परिचित आदित्य ने बताया कि, कॉलेज में छुट्टियां चल रही थीं, इसलिए युवराज पिछले महीने दुर्ग स्थित अपने घर आया था। छुट्टियां खत्म होने के बाद वह करीब 3 दिन पहले ही वापस दिल्ली गया था।
हादसे की जानकारी मिलते ही रविवार को युवराज के परिजन दिल्ली के रवाना हो गए हैं। युवराज की मौत की खबर सामने आने के बाद उसके दोस्तों और परिचितों में भी शोक की लहर है। फिलहाल हादसे के बाद राहत और बचाव का काम किया गया। इमारत गिरने के कारणों और इसमें सुरक्षा नियमों की अनदेखी हुई या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
