दुर्ग मेयर की कार में लगी भीषण आग, बाल-बाल बचीं अलका बाघमार
दुर्ग: नगर निगम परिसर में गुरुवार दोपहर महापौर अलका बाघमार की इनोवा गाड़ी में अचानक भीषण आग लग गई. गनीमत रही कि महापौर गाड़ी से उतर चुकी थीं, जिससे उनकी जान बाल-बाल बच गई. घटना पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है. फिलहाल फोरेंसिक विभाग भी मौके पर पहुंचा और जांच शुरू कर दिया है.
जानकारी के मुताबिक महापौर अलका बाघमार करीब 12:15 बजे नगर निगम कार्यालय पहुंचीं थीं. जैसे ही वह अपने चेंबर में गईं उसके 5-10 मिनट बाद गाड़ी में अचानक आग भड़क उठी. देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया. गनीमत रही कि महापौर गाड़ी से उतर चुकी थीं, जिससे उनकी जान बाल-बाल बच गई.
निगम परिसर में आग की खबर फैलते ही कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया. लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, पाइप से पानी का छिड़काव किया गया लेकिन आग इतनी तेज थी कि काबू पाना मुश्किल हो गया. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची. फायर ब्रिगेड के जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक इनोवा पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी.
महापौर अलका बाघमार ने कहा कि कोई तकनीकी समस्या रही होगी जिसकी जानकारी मुझे नहीं है. गाड़ी में कुछ दस्तावेज तो उतरते हुए निकाल लिए गए थे हालांकि गाड़ी का नुकसान तो हुआ है. उन्होंने कहा कि उन्हें किसी साजिश की आशंका नहीं है.
महापौर के मुताबिक महज 8 से 10 मिनट के भीतर पूरी गाड़ी जलकर खाक हो गई. उन्होंने कहा कि समय रहते वे गाड़ी से उतर गईं, वरना घटना और भी गंभीर हो सकती थी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.
